रेडक्रॉस सोसायटी की बैठक में जनकल्याणकारी गतिविधियों को प्रभावी बनाने पर जोर

गरीब एवं जरूरतमंदों को मिलेगी आर्थिक सहायता, स्कूल-कॉलेजों में सीपीआर प्रशिक्षण और रक्तदान शिविर होंगे आयोजित
गरियाबंद, 23 नवम्बर 2026/ कलेक्टर रणबीर शर्मा की अध्यक्षता में आज जिला चिकित्सालय गरियाबंद में भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, जिला शाखा गरियाबंद की प्रबंध समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सोसायटी की आगामी कार्ययोजनाओं, वित्तीय प्रबंधन एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों की समीक्षा की गई। इस दौरान मानव सेवा और जनकल्याण के कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने के संबंध में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
कलेक्टर शर्मा ने रेडक्रॉस सोसायटी में उपलब्ध राशि का नियमानुसार व्यय करने तथा मितव्ययिता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को रेडक्रॉस सोसायटी का सदस्य बनाने को कहा, ताकि सदस्यता शुल्क से प्राप्त राशि का उपयोग जरूरतमंदों की सहायता एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों में अधिक से अधिक किया जा सके। बैठक में एसडीआरएफ के माध्यम से स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को अधिक से अधिक संख्या में सीपीआर का प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए गए, जिससे आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों की जान बचाने में सहायता मिल सके।
बैठक में आर्थिक रूप से अत्यंत कमजोर एवं गरीब व्यक्तियों को समिति के सभी सदस्यों की सहमति से आर्थिक सहायता प्रदान करने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही महाविद्यालयों में रक्तदान शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए। ग्राम भाटीगढ़ में यूथ रेडक्रॉस सोसायटी तथा ग्राम जामगांव में जूनियर रेडक्रॉस समिति का प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती ऋषा ठाकुर, डीएसपी सुश्री गरिमा दादर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. यू.एस. नवरत्न, सिविल सर्जन डॉ. वाय.के. धु्रव, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास लोकेश्वर पटेल, जिला शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार चन्द्राकर, चेयरमैन श्रीमती मधुबाला रात्रे, उप चेयरमैन श्रीमती पुष्पा साहू, कोषाध्यक्ष बोधन साहू, राज्य प्रतिनिधि रोमनलाल साहू, लीड कॉलेज प्रतिनिधि एस.एस. तारक एवं सत्यम कुम्भकार, सदस्य फारूख मेमन, नथमल शर्मा एवं श्रीमती देवकी साहू सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थेे।

इन्हें भी पढ़े

New casino players can check independent customer feedback before depositing, and reviews of 30Bet Casino may help identify common support experiences.