पीएम-जनमन आवास योजना से दिलासो पहाड़ी कोरवा का पक्के घर का सपना हुआ साकार

कच्चे मकान में बारिश के दिनों में होती थी परेशानी, अब पक्के आवास में परिवार के साथ सुरक्षित जीवन
महतारी वंदन योजना से हर महीने मिल रही आर्थिक सहायता, बच्चों की जरूरतें पूरी करने में मिल रहा संबल
अम्बिकापुर 15 नवम्बर 2026/ विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा समुदाय के परिवारों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचने से उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहा है। कभी कच्चे मकान में रहकर बारिश के दिनों में छत से टपकते पानी और घरेलू सामान भीगने की परेशानी झेलने वाली श्रीमती दिलासो पहाड़ी कोरवा आज अपने पक्के आवास में परिवार के साथ सुरक्षित जीवन व्यतीत कर रही हैं। प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) के तहत पक्का आवास मिलने से उनका वर्षों पुराना सपना पूरा हुआ है। वहीं, महतारी वंदन योजना के माध्यम से हर महीने मिलने वाली आर्थिक सहायता परिवार की जरूरतों और बच्चों के खर्चों को पूरा करने में मददगार साबित हो रही है।
सरगुजा जिले के अम्बिकापुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत आमादरहा निवासी दिलासो पहाड़ी कोरवा बताती हैं कि पहले उनका परिवार मिट्टी के कच्चे मकान में रहता था। बरसात के मौसम में घर की छत से पानी टपकता था। बारिश का पानी घर के अंदर आने से कपड़े और अन्य घरेलू सामान भीग जाते थे। ऐसी स्थिति में परिवार को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। कच्चे मकान में रहना उनके लिए हर मौसम में चिंता का विषय बना रहता था। परिवार की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं थी कि वे स्वयं पक्का मकान बनवा सकें।
पीएम-जनमन आवास से सुरक्षित हुआ परिवार का आशियाना
दिलासो के परिवार को प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) के तहत पक्का आवास मिला। इससे उनके जीवन में बड़ा बदलाव आया है। अब मिट्टी के कच्चे मकान की जगह पक्की छत वाला घर मिल गया है। वे बताती हैं कि पहले बारिश के समय छत से पानी टपकने के कारण घर के अंदर रहना मुश्किल हो जाता था, लेकिन अब पक्का मकान बनने से यह समस्या दूर हो गई है। ढलाई वाली छत और पक्के निर्माण के कारण परिवार को बारिश के दिनों में भी सुरक्षित रहने की सुविधा मिली है।
महतारी वंदन योजना से बच्चों की जरूरतें पूरी करने में मिल रही मदद
आवास के साथ-साथ महतारी वंदन योजना भी दिलासो के परिवार को आर्थिक संबल प्रदान कर रही है। योजना के तहत हर महीने उनके बैंक खाते में एक हजार रुपये की राशि अंतरित होती है। दिलासो बताती हैं कि उन्हें नियमित रूप से हर महीने राशि मिल जाती है। इस पैसे से बच्चों की जरूरतों और घर-परिवार के खर्चों को पूरा करने में सहायता मिलती है। सीमित आर्थिक संसाधनों वाले परिवार के लिए यह राशि उपयोगी साबित हो रही है।
उनका कहना है कि योजना से मिलने वाली सहायता राशि बच्चों की आवश्यकताओं को पूरा करने में काम आती है। नियमित आर्थिक सहायता मिलने से उन्हें घरेलू खर्चों के प्रबंधन में भी सहूलियत हुई है।
विशेष पिछड़ी जनजातियों के उत्थान के लिए योजनाओं का मिल रहा लाभ
प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) का उद्देश्य विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के परिवारों और बसाहटों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना है। इसके अंतर्गत पात्र परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराने के साथ सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी आवश्यक सुविधाओं से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, महतारी वंदन योजना महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने में सहयोग प्रदान कर रही है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ शासन द्वारा जनजातीय समुदायों और विशेष पिछड़ी जनजातियों के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जा रहा है। इन योजनाओं के माध्यम से आवासीय सुरक्षा, आर्थिक सहायता और बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के प्रति व्यक्त किया आभार
शासन की योजनाओं से मिले लाभ से खुश दिलासो पहाड़ी कोरवा प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करती हैं। वे कहती हैं कि सरकार जनजातीय समाज के विकास के लिए काम कर रही है। उन्हें पक्का मकान मिला है और महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने आर्थिक सहायता भी मिल रही है। जनजाति गौरव दिवस के अवसर पर वे शुभकामनाएं देते हुए सरकार को धन्यवाद देती हैं। दिलासो के जीवन में आया यह बदलाव जनजातीय समाज के सम्मान, सुरक्षा और समावेशी विकास को दिशा दे रहा है।

इन्हें भी पढ़े

New casino players can check independent customer feedback before depositing, and reviews of 30Bet Casino may help identify common support experiences.