सफेद कोट पहनकर चिकित्सा सेवा के संकल्प से जुड़े नए डॉक्टर, विधायक ने दिलाया मानव सेवा का संदेश
व्हाइट कोट सेरेमनी में शामिल हुए विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, बोले- डॉक्टर का पेशा व्यवसाय नहीं, मानव सेवा का सबसे बड़ा माध्यम
महासमुंद। महासमुंद मेडिकल कॉलेज में मंगलवार को नवप्रवेशित मेडिकल विद्यार्थियों के लिए व्हाइट कोट सेरेमनी का आयोजन किया गया। समारोह में महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा शामिल हुए। उन्होंने चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में नए सफर की शुरुआत कर रहे विद्यार्थियों को सफेद कोट पहनने के महत्व से अवगत कराते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। विधायक सिन्हा सहित अन्य अतिथियों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर समारोह की शुरुआत की।
इस अवसर पर विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि चिकित्सा का पेशा महज व्यवसाय नहीं, बल्कि मानव सेवा का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। सफेद कोट केवल डॉक्टर की पहचान नहीं, बल्कि अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा, जिम्मेदारी और मरीजों के प्रति विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों से पूरी निष्ठा, लगन और समर्पण के साथ अध्ययन करने तथा भविष्य में कुशल चिकित्सक बनकर समाज और जरूरतमंदों की सेवा करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि समाज में डॉक्टर को विशेष सम्मान और भरोसे की दृष्टि से देखा जाता है। बीमारी और संकट की स्थिति में अस्पताल पहुंचने वाला मरीज चिकित्सक से सिर्फ उपचार ही नहीं, बल्कि उम्मीद और विश्वास भी रखता है। इसलिए प्रत्येक चिकित्सक का दायित्व है कि वह मरीजों के साथ संवेदनशीलता, धैर्य और आत्मीयता से व्यवहार करे। गरीब, ग्रामीण और जरूरतमंद परिवारों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने में चिकित्सकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
समारोह में नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, भाजपा नेता संदीप दीवान, गोविंद ठाकुर, शरद मराठा, मेडिकल एसोसिएशन अध्यक्ष विनोद चंद्राकर, युवा नेता अभिषेक पांडे, नईम खान, गौरव राठी सहित मेडिकल कॉलेज के अधिकारी, चिकित्सक, प्राध्यापक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
