मौलीमुड़ा में मंदिर के पास सज रहा था जुए का फड़, पुलिस ने मारा छापा; सात जुआरी गिरफ्तार

महासमुंद। जिले में जुआ-सट्टा और अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में बागबाहरा पुलिस ने ग्राम मौलीमुड़ा में मंदिर के पास चल रहे जुए के फड़ पर दबिश देकर सात जुआरियों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी मौके पर ताश के पत्तों पर रुपए-पैसों का दांव लगाकर हार-जीत का खेल खेल रहे थे। पुलिस ने घेराबंदी कर सभी को पकड़ा और उनके कब्जे से 11 हजार 310 रुपए नकद, पांच मोबाइल तथा 52 पत्ती ताश जब्त की। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 61 हजार 310 रुपए आंकी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम मौलीमुड़ा मंदिर के पास कुछ लोग रुपए-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और जुआ खेल रहे सात लोगों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों में गंगूराम साहू (48), मनिहार साहू (38), तेजराम ठाकुर (30), सुरेश ठाकुर (22), सुशील यादव (18) और पुनित ठाकुर (37), सभी निवासी ग्राम मौलीमुड़ा, थाना बागबाहरा, तथा रूपेश बघेल (28), निवासी बधापारा सुवरमाल, थाना कोमाखान शामिल हैं।
पुलिस ने जुआ फड़ से 11,310 रुपए नकद, करीब 50 हजार रुपए कीमत के पांच मोबाइल फोन और 52 पत्ती ताश जब्त की है। इस मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) एवं भारतीय न्याय संहिता की धारा 112(2) के तहत कार्रवाई की गई है।

इन्हें भी पढ़े