चाकू दिखाकर युवक से 60 रुपए और मोबाइल की लूट
महासमुंद। शहर में चाकू दिखाकर युवक से रुपए और मोबाइल लूटने का मामला सामने आया है। पुलिस ने प्रकरण में सदानंद गांड़ा एवं उसके अन्य साथियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। मामला शितली नाला के पास का है।
पुलिस के अनुसार ग्राम भोजपुर, थाना कापू जिला रायगढ़ निवासी अरुण दास महंत (21) ने शिकायत दर्ज कराई कि 29 अक्टूबर की रात करीब 8:30 बजे शीतली नाला के पास आरोपियों ने रुपए की मांग करते हुए चाकू दिखाया और उसकी जांघ में चाकू मार दिया। इसके बाद जेब में रखे 60 रुपए और करीब 15 हजार रुपए कीमत का मोबाइल लूट लिया गया। साथ ही उसके दोस्त कमलेश यादव का करीब 5 हजार रुपए कीमत का मोबाइल भी लेकर आरोपी भाग गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 309(4), 309(6), 311 के तहत अपराध दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है।
