लंबे इंतजार के बाद बेलदार पारा में सीसी रोड की राह हुई आसान
नपा अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने पार्षद प्रीति बादल मक्कड़ के साथ किया भूमिपूजन, वार्डवासियों को जल्द मिलेगी आवागमन की सुविधा
महासमुंद। वार्ड क्रमांक 19 के बेलदार पारा में लंबे समय से चली आ रही सीसी रोड निर्माण की मांग अब पूरी होने जा रही है। नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने वार्ड पार्षद श्रीमती प्रीति बादल मक्कड़ के साथ विधि-विधान से सीसी रोड निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। निर्माण कार्य शुरू होने की खबर से वार्डवासियों में हर्ष का माहौल रहा।
भूमिपूजन अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने कहा कि शहर के सभी वार्डों में सड़क, नाली, पानी और प्रकाश जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के साथ उपलब्ध कराना नगर पालिका की जिम्मेदारी और लक्ष्य है। बेलदार पारा में सड़क निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही थी। पार्षद के प्रयासों से अब इस कार्य की शुरुआत हो रही है। उन्होंने कहा कि वार्ड की अन्य समस्याओं का भी चरणबद्ध तरीके से निराकरण कराया जाएगा।
अध्यक्ष साहू ने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। संबंधित कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने का प्रयास रहेगा, ताकि वार्डवासियों को जल्द से जल्द बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सके।
वार्ड पार्षद श्रीमती प्रीति बादल मक्कड़ ने कहा कि सीसी रोड बनने से बेलदार पारा के रहवासियों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी। लंबे समय से चली आ रही सड़क की समस्या का निराकरण होने से वार्डवासियों को राहत मिलेगी।
इस अवसर पर सभापतिगण जितेंद्र देवनारायण ध्रुव, ज्योति रिंकू चंद्राकर, पार्षदगण शुभ्रा मनीष शर्मा, नीरज चंद्राकर, धनेश्वरी सोनवानी, चंद्रशेखर बेलदार, विधायक प्रतिनिधि हफीज कुरैशी सहित वार्डवासी रेखराज श्रीवास्तव, नानू खान, अनीश राजवानी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
