वोट चोरी के आरोपों पर बागबाहरा में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन
बाइक रैली निकालकर किया प्रदर्शन, दो स्थानों पर ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका; राष्ट्रपति के नाम तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
बागबाहरा। कथित वोट चोरी और मतदाता सूची में अनियमितताओं के विरोध में कांग्रेस ने बागबाहरा में सड़क पर उतरकर शक्ति प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश तथा जिला कांग्रेस कमेटी महासमुंद के आह्वान पर शहर कांग्रेस कमेटी ने विधायक एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष द्वारिकाधीश यादव के नेतृत्व में बाइक रैली निकालकर निर्वाचन व्यवस्था के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और स्टेशन चौक तथा झलप चौक पर ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया।
बाइक रैली की शुरुआत गुरुद्वारा पारा स्थित पेट्रोल पंप से हुई। कांग्रेस कार्यकर्ता बाइक पर सवार होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए स्टेशन चौक पहुंचे। यहां कथित वोट चोरी और मतदाता सूची में गड़बड़ी के आरोपों को लेकर नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया गया। इसके बाद कांग्रेसजनों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
इसके बाद रैली झलप चौक पहुंची, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दोबारा ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका। यहां पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद रैली तहसील कार्यालय परिसर पहुंची।
संविधान के अनुच्छेद 326 का किया पाठ
तहसील कार्यालय परिसर में शहर कांग्रेस अध्यक्ष लखबीर सिंह छाबड़ा ने भारतीय संविधान के अनुच्छेद 326 का पाठ किया। इसके बाद कांग्रेसजनों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रपति के नाम तहसीलदार बागबाहरा को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में मतदाता सूची एवं चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराने, मतदाता सूची में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, गड़बड़ी के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने तथा निर्वाचन संबंधी शिकायतों का समयबद्ध निराकरण करने की मांग की गई। कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता बनाए रखने और लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदाताओं का विश्वास कायम रखने पर भी जोर दिया।
‘मताधिकार की रक्षा के लिए आवाज उठाते रहेंगे’
विधायक एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष द्वारिकाधीश यादव ने कहा कि वोट चोरी के आरोप लोकतंत्र और नागरिकों के मताधिकार से जुड़ा गंभीर विषय हैं। मतदाता सूची की निष्पक्ष जांच होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता पर जनता का विश्वास बना रहना चाहिए। कांग्रेस लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा और मतदाताओं के विश्वास को कायम रखने के लिए अपनी आवाज उठाती रहेगी।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ कृषक कल्याण परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष महेश चंद्राकर, जनपद अध्यक्ष केशव चंद्राकर, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष देवनाथ साहू, नगरपालिका अध्यक्ष खिलेश्वरी ताम्रध्वज बघेल, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष दुर्गा सागर, नगरपालिका उपाध्यक्ष देवेश साहू, अंकित बागबाहरा, भूपेंद्र ठाकुर, गणेश शर्मा, गिरीश पटेल, मनोहर सिंह ठाकुर, राजेश सोनी, पोखराज साहू, नवनीत सलूजा, पंकज हरपाल, महेश नरडिया, अशोक अग्रवाल, राहुल अग्रवाल, पुष्पेंद्र चंद्राकर, हितेश खरे, मयंक शर्मा, रवि निषाद, दिनेश मोंगरे, लोकेश उइके, ताम्रध्वज बघेल, शैलेश साहू, रमेश ठाकुर, हरीश जैन, प्रखर चंद्राकर, अभिषेक यादव, मोहन बांधे, लोकेश दीवान, बंका निषाद, शब्बीर खान, बलबीर सिंह बग्गा (बबला), कृष्णा यादव, संतोष नाग, कृष्णा हरपाल, रज्जाक खान और डेमन साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
