बिक्री के लिए रखी 100 लीटर महुआ शराब के साथ दो गिरफ्तार

मुरमुरी में महुआ पेड़ के पास घेराबंदी कर पकड़ा, 20 हजार रुपए की शराब जब्त
महासमुंद। अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सिंघोड़ा पुलिस ने ग्राम मुरमुरी में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 100 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित देशी महुआ शराब, जिसकी कीमत करीब 20 हजार रुपए बताई गई है, बरामद की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 17 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम मुरमुरी में महुआ पेड़ के पास दो व्यक्ति अवैध रूप से बिक्री के लिए महुआ शराब रखे हुए हैं। सूचना के आधार पर सिंघोड़ा पुलिस टीम ने गवाहों और स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। इस दौरान दो संदिग्ध व्यक्ति दो प्लास्टिक बोरियों के साथ मिले। पूछताछ में दोनों ने अपना नाम महावीर सोना (51) निवासी बांझापाली और नारायण महानंद (45) निवासी बांझापाली, थाना सिंघोड़ा बताया।
बोरियों के संबंध में पूछताछ करने पर दोनों संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। कड़ाई से पूछताछ करने पर बोरियों में हाथ भट्ठी निर्मित देशी महुआ शराब होना स्वीकार किया। तलाशी लेने पर दोनों बोरियों में प्लास्टिक झिल्ली में भरी कुल 100 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब को जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया और गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
अभियान में अब तक 17,696 लीटर से ज्यादा शराब जब्त
पुलिस के अनुसार अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अब तक 60 लाख 32 हजार 107 रुपए कीमत की 17,696.955 लीटर शराब जब्त की जा चुकी है। इस दौरान 1,094 प्रकरणों में 1,238 आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

इन्हें भी पढ़े