जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन : पंजीयन की अंतिम तिथि 25 अक्टूबर तक

युवाओं को प्रतिभा प्रदर्शन का मिलेगा अवसर, विजेता प्रतिभागी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में लेंगे हिस्सा
गरियाबंद, 14 अक्टूबर 2026/जिला प्रशासन, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, गरियाबंद के संयुक्त तत्वाधान में जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसमें भाग लेने के लिए इच्छुक युवा 15 अक्टूबर से 25 अक्टूबर 2026 तक पंजीयन कर सकते हैं। युवा उत्सव के आयोजन स्थल की जानकारी पृथक से जारी की जाएगी। प्रभारी खेल अधिकारी ने बताया कि युवा उत्सव का उद्देश्य युवाओं के मध्य पारस्परिक एकीकरण, सांस्कृतिक आदान-प्रदान तथा एकता की भावना को सुदृढ़ करना है। इसके माध्यम से प्रतिभाशाली युवाओं को विभिन्न विधाओं में अपनी कला, कौशल एवं रचनात्मकता प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
जिला स्तरीय युवा उत्सव में विकसित भारत चौलेंज ट्रैक, लोक नृत्य, लोक गीत, चित्रकला, कविता लेखन, नुक्कड़ नाटक, रील निर्माण एवं पारंपरिक वेशभूषा जैसी विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। विकसित भारत चौलेंज ट्रैक में 6 सदस्य, जबकि लोक नृत्य एवं लोक गीत में 7-7 सदस्य शामिल होंगे। इन दोनों विधाओं में 3-3 संगतकार अतिरिक्त रूप से सम्मिलित हो सकेंगे। दल में पुरुष, महिला अथवा दोनों शामिल हो सकते हैं। चित्रकला एवं कविता लेखन में विजेता प्रतिभागी की संख्या 2-2 निर्धारित किए गए हैं। कविता लेखन में प्रत्येक प्रतिभागी को एक कविता लिखनी होगी, जिसके लिए अधिकतम 90 मिनट का समय निर्धारित है। कविता हिंदी, अंग्रेजी अथवा किसी भारतीय क्षेत्रीय भाषा में लिखी जा सकती है। कविता हिंसात्मक, आपराधिक, आपत्तिजनक अथवा अनुचित विषयवस्तु पर आधारित नहीं होनी चाहिए।
नुक्कड़ नाटक में एक दल में अधिकतम 10 सदस्य शामिल हो सकेंगे। वहीं, रील निर्माण प्रतियोगिता में प्रत्येक प्रतिभागी अधिकतम एक मौलिक एवं रचनात्मक रील प्रस्तुत कर सकेगा। रील की अधिकतम अवधि 60 सेकंड होगी तथा इसकी निर्धारित थीम “नशामुक्त युवा फॉर विकसित छत्तीसगढ़” है। पारंपरिक वेशभूषा विधा में छत्तीसगढ़ की पारंपरिक वेशभूषा का प्रदर्शन किया जाएगा। प्रतिभागियों को अपनी साज-सज्जा की सामग्री स्वयं लानी होगी।
युवा उत्सव में प्रतिभागियों के लिए आयु सीमा 15 से 29 वर्ष तथा संगतकारों के लिए 18 से 40 वर्ष निर्धारित है। रॉक बैंड विधा में अधिकतम 10 सदस्य होंगे। इस विधा का आयोजन केवल राज्य स्तरीय युवा उत्सव में किया जाएगा। जिला स्तर पर विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। साथ ही, निर्धारित नियमों के अनुसार राज्य स्तरीय युवा उत्सव में भाग लेने का अवसर मिलेगा। एक प्रतिभागी केवल एक ही विधा में भाग ले सकेगा। इच्छुक प्रतिभागी निर्धारित गूगल शीट https://docs.google.com/spreadsheets/d/1pI7X1Jxcqo-J2r7KWVN-6UXsat0XDuveG54KZuRKJlk/edit?usp=sharing में एन्टी करते हुए माय भारत पोर्टल में अनिवार्य रूप से पंजीयन करेंगे। पंजीयन संबंधित एवं अन्य जानकारी के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग, गरियाबंद के मोबाइल नंबर 62615-90400 पर संपर्क कर सकते है।

इन्हें भी पढ़े