प्रयास आवासीय विद्यालयों में कक्षा 9वीं में प्रवेश के लिए 16 अक्टूबर को चतुर्थ ओपन काउंसलिंग
228 रिक्त सीटों पर प्रवेश का अवसर, विद्यार्थियों को आवश्यक दस्तावेजों के साथ नवा रायपुर में होना होगा उपस्थित
गरियाबंद 14 अक्टूबर 2026/ मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजनांतर्गत संचालित प्रयास आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु चतुर्थ ओपन काउंसलिंग का आयोजन 16 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। प्रदेश के प्रयास आवासीय विद्यालयों में उपलब्ध 228 रिक्त सीटों के आधार पर यह काउंसलिंग आयोजित की जा रही है। इच्छुक एवं पात्र छात्र-छात्राएं निर्धारित तिथि और समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ काउंसलिंग में शामिल हो सकते हैं। सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास गरियाबंद द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, काउंसलिंग 16 अक्टूबर को सुबह 10ः30 बजे से शाम 5 बजे तक कार्यालय आयुक्त, आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग, इंद्रावती भवन, नवा रायपुर, ब्लॉक-5, तृतीय तल, हॉल नंबर-4 में आयोजित होगी। काउंसलिंग से संबंधित जानकारी विभागीय वेबसाइट विभागीय वेबसाइट एकलव्य डॉट सीजी डॉट एनआईसी पर देखी जा सकती है।
काउंसलिंग के लिए आवश्यक दस्तावेज –
काउंसलिंग में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को कक्षा आठवीं में प्रथम श्रेणी अर्थात 60 प्रतिशत अंक के साथ उत्तीर्ण होने की अंकसूची तथा प्रधानपाठक या प्राचार्य द्वारा जारी कक्षा आठवीं में अध्ययनरत होने का सत्यापन प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना होगा। इसके अतिरिक्त पात्रता के अनुसार पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी नक्सल पीड़ित प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र और विशेष पिछड़ी जनजाति प्रमाणपत्र भी साथ रखना होगा। अल्पसंख्यक वर्ग के अंतर्गत पात्रता का दावा करने वाले विद्यार्थियों को 10 रुपये के गैर-न्यायिक स्टाम्प पेपर पर नोटरी द्वारा सत्यापित प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा। विशेष श्रेणी के अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों को संबंधित पात्रता का प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। इसमें दिव्यांग विद्यार्थी, दिव्यांग माता-पिता के बच्चे, अनाथ बच्चे, विधवा माता के बच्चे, परित्यक्ता महिला के बच्चे तथा देश की रक्षा या कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए पुलिस, अर्द्धसैनिक बल, सशस्त्र बल अथवा सैनिकों के बच्चे शामिल हैं। संबंधित श्रेणी के अनुसार वैध प्रमाणपत्र काउंसलिंग के दिन साथ लाना होगा।
प्रवेश के बाद दो दिन के भीतर जमा करने होंगे दस्तावेज –
काउंसलिंग के बाद संबंधित प्रयास आवासीय विद्यालय में प्रवेश के लिए पात्र पाए जाने वाले विद्यार्थियों को दो दिनों के भीतर जिला शिक्षा अधिकारी से प्रतिहस्ताक्षरित स्थानान्तरण प्रमाण पत्र तथा जिला चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी सिकल सेल जांच प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि रिक्त सीटों की संख्या में वृद्धि या कमी संभव है। इसलिए इच्छुक विद्यार्थियों को सलाह दी जाती है कि वे निर्धारित तिथि पर समय से काउंसलिंग स्थल पर पहुंचे और अपने सभी आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर आएं।
