मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल मिलने से विजय कुमार की राह हुई आसान

आवागमन में परेशानी दूर होने से बढ़ेगी आत्मनिर्भरता
रायपुर, 13 अक्टूबर 2026/रोजमर्रा के कामों के लिए दूसरों पर निर्भरता और आवागमन की परेशानी अब सक्ती जिले के मालखरौदा निवासी विजय कुमार के लिए कम होगी। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित सेवा सेतु शिविर में समाज कल्याण विभाग ने उन्हें मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल प्रदान की। इससे उन्हें अपने जरूरी कामों के लिए आने-जाने में सहूलियत मिलेगी और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में कदम बढ़ाने का अवसर मिलेगा।
विजय कुमार ने बताया कि मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल नहीं होने के कारण उन्हें दैनिक आवश्यकताओं और अन्य जरूरी कार्यों के लिए काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। कई बार उन्हें दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था। अब ट्राइसाइकिल मिलने से वे अपनी जरूरत के अनुसार आवागमन कर सकेंगे और दैनिक गतिविधियां अधिक आसानी से पूरी कर पाएंगे।
सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा और सुशासन के संकल्प तथा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में आयोजित सेवा सेतु शिविर इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल मिलने पर विजय कुमार ने प्रसन्नता जताते हुए प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और समाज कल्याण विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।

इन्हें भी पढ़े