मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना के लिए आवेदन

आईआईटी, एम्स, आईआईएम सहित राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को मिलेगी तत्काल आर्थिक सहायता, एससी, एसटी एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के पात्र विद्यार्थी कर सकेंगे आवेदन
एमसीबी/12 अक्टूबर 2026/छत्तीसगढ़ शासन द्वारा प्रतिभावान विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने और उनकी शैक्षणिक यात्रा को आर्थिक संबल प्रदान करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना 2026-27 प्रारंभ की गई है। इस योजना के अंतर्गत राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित उच्च व्यावसायिक संस्थानों में प्रवेश प्राप्त करने वाले अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के पात्र विद्यार्थियों को शासन द्वारा तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास कार्यालय, जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर द्वारा जारी सूचना के अनुसार, शैक्षणिक सत्र 2026-27 में आईआईटी, एम्स, आईआईएम, एनएलयू सहित राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रवेश प्राप्त करने वाले पात्र विद्यार्थी इस योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त सूचना में नीट एवं जेईई के माध्यम से प्रवेश प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का भी उल्लेख किया गया है।
30 अक्टूबर तक जमा करना होगा आवेदन
योजना का लाभ प्राप्त करने के इच्छुक पात्र विद्यार्थियों को अपना आवेदन निर्धारित प्रारूप एवं आवश्यक दस्तावेजों के साथ 30 अक्टूबर 2026 तक जिला कार्यालय सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास, जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में जमा करना होगा। विद्यार्थियों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम तिथि से पहले आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि आवश्यक दस्तावेजों के साथ उनका आवेदन समय पर जमा हो सके।
आवेदन के साथ इन दस्तावेजों को करना होगा संलग्न
आवेदन के साथ विद्यार्थी को जाति प्रमाण पत्र, छत्तीसगढ़ मूल निवासी प्रमाण पत्र, निर्धारित सीमा के अंतर्गत आय प्रमाण पत्र, कक्षा 12वीं की अंकसूची, आधार कार्ड, मोबाइल नंबर, संबंधित संस्थान में प्रवेश का प्रमाण तथा फीस की रसीद संलग्न करना अनिवार्य होगा। योजना के लिए निर्धारित आय सीमा 2.50 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।
वेबसाइट एवं जिला कार्यालय से प्राप्त करें जानकारी
मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं अन्य आवश्यक जानकारी के लिए विद्यार्थी जिले की आधिकारिक वेबसाइट पर जा सकते हैं। इसके अलावा जिला कार्यालय सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर से भी संपर्क कर विस्तृत जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

इन्हें भी पढ़े