कलेक्टर जनदर्शन में सुनी गई आम लोगों की समस्याएं, हुआ निराकरण
अपर कलेक्टर वैद्य ने जनदर्शन में ग्राम टेकापार के गेश्वर प्रसाद नेताम को प्रदान किया श्रवण यंत्र
बालोद, 12 अक्टूबर 2026/कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार संयुक्त कलेक्टर सुरेन्द्र प्रसाद वैद्य ने आज संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिले के विभिन्न स्थानों से पहुँचे लोगों से मधुर एवं आत्मीय बातचीत कर उनकी मांगों एवं समस्याओं की जानकारी ली। इस अवसर पर उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को तलब कर आवेदकों के मांगों एवं समस्याओं के निराकरण हेतु त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। जनदर्शन में आज दल्लीराजहरा की जानकी बाई ने राशन कार्ड बनाने, ग्राम सुंदरा की पुष्पा बाई ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) का लाभ दिलाने तथा ग्राम नाहंदा के कांति ने मकान के लिए क्षतिपूर्ति राशि दिलाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किए। इसी तरह जनदर्शन में विभिन्न ग्रामों से पहुँचे आमजनों ने भी अपनी मांगों और समस्याओं से अवगत कराने हेतु आवेदन प्रस्तुत किए, जिस पर विधि सम्मत कार्यवाही का आश्वासन दिया गया।
मौके पर मिला श्रवण यंत्र
जनदर्शन में आज बालोद विकासखण्ड के ग्राम टेकापार के श्रीगेश्वर प्रसाद नेताम ने पिछले दो साल से कम सुनाई देने की समस्या पर श्रवण यंत्र प्रदाय करने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदन पर त्वरित संवेदनशीलता दिखाते हुए मौके पर ही समाज कल्याण विभाग के माध्यम से प्रकरण का तत्काल निराकरण कराया गया। अपर कलेक्टर सुरेन्द्र प्रसाद वैद्य ने हितग्राही गेश्वर प्रसाद नेताम को श्रवण यंत्र प्रदान किया। मौके पर ही त्वरित सहायता प्राप्त होने पर आवेदक ने जिला प्रशासन के प्रति सहृदय आभार व्यक्त किया।
