बस्तर ओलंपिक में 14 से 17 वर्ष आयु वर्ग के खिलाडि़यों का शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने प्राचार्यों की बैठक आयोजित
कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
दंतेवाड़ा, 09 अक्टूबर 2026। कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशानुसार जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद ठाकुर द्वारा आज जिले के अशासकीय विद्यालयों के प्राचार्यों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बस्तर ओलंपिक खेलों में 14 से 17 वर्ष आयु वर्ग के सभी पात्र खिलाडि़यों का शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। साथ ही अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं को खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर आशीष वर्मा ने विद्यार्थियों की आधार आईडी जनरेट करने की प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने आधार कार्ड में नाम, जन्मतिथि सहित अन्य विवरणों में मौजूद त्रुटियों के सुधार की प्रक्रिया समझाते हुए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया, ताकि पंजीयन के दौरान विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद ठाकुर ने सभी प्राचार्यों से कहा कि वे अपने विद्यालयों में अध्ययनरत पात्र विद्यार्थियों का पंजीयन समय-सीमा में पूर्ण कराएं। उन्होंने बस्तर ओलंपिक को ग्रामीण एवं स्थानीय खेल प्रतिभाओं को सामने लाने का महत्वपूर्ण मंच बताते हुए सभी विद्यालयों को समन्वय के साथ कार्य करने तथा प्रत्येक पात्र खिलाड़ी की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस बैठक के दौरान स्कूल के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।
