रोशनी, संगीत और नृत्य से जीवंत हुई ‘नमो सेवा गाथा’

– प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन की अनकही कहानियों की भावपूर्ण प्रस्तुति ने दर्शकों को किया प्रेरित
– सेवा संकल्प अभियान के तहत कला मंदिर भिलाई में लाइट एंड साउंड कार्यक्रम सम्पन्न
दुर्ग, 09 अक्टूबर 2026 / रोशनी, संगीत और नृत्य के समन्वय से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन की अनकही कहानियां आज भिलाई के सिविक सेंटर स्थित कला मंदिर में जीवंत हुईं। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शाम 5 बजे आयोजित ‘नमो सेवा गाथा’ पर आधारित लाइट एंड साउंड कार्यक्रम में कलाकारों ने सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण से जुड़े प्रसंगों की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। लगभग एक घंटे की इस प्रस्तुति को दर्शकों ने तन्मयता से देखा और प्रेरणास्पद बताते हुए सराहा।
संस्कृति विभाग छत्तीसगढ़ शासन के सहयोग से गुरतुर लोक सेवा संस्थान द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी के सेवाकाल से जुड़े विभिन्न पड़ावों को कला और नृत्य के माध्यम से मंच पर उतारा गया। गुजरात भूकंप के दौरान सहायता, कोविड काल में राहत के प्रयास, आतंकवाद के विरुद्ध कार्रवाई, नक्सल उन्मूलन, कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने और सर्जिकल स्ट्राइक जैसे प्रमुख विषयों को प्रस्तुति में शामिल किया गया। इसके साथ ही वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को भी प्रभावी ढंग से दर्शाया गया।