खेल प्रतिभाओं को निखारने मैदानों से लेकर प्रशिक्षण तक सुविधाएं बढ़ाएगा जिला प्रशासन: कलेक्टर
सेवा संकल्प अभियान
दो दिवसीय खेल प्रशिक्षक ओरिएंटेशन कार्यक्रम का समापन, खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण देने पर जोर
धमतरी 9 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत धमतरी जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और युवाओं को खेलों से जोड़कर उनकी प्रतिभा निखारने के उद्देश्य से आयोजित दो दिवसीय खेल प्रशिक्षक ओरिएंटेशन कार्यक्रम का समापन हुआ। शासकीय श्रवण बाधितार्थ बालिका विद्यालय में समापन समारोह में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा शामिल हुए। कार्यक्रम में जिले के खेल प्रशिक्षकों एवं शारीरिक शिक्षा शिक्षकों को विभिन्न खेलों के प्रशिक्षण, अनुशासन और आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी गई।
समारोह को संबोधित करते हुए कलेक्टर मिश्रा ने कहा कि धमतरी जिला खेलों के क्षेत्र में शुरू से ही अग्रणी रहा है। जिले की इस पहचान को और मजबूत करने के लिए खेल प्रशिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर में भी प्रशिक्षकों ने अच्छा कार्य किया है। जिन प्रशिक्षकों ने खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण देकर पदक दिलाए हैं, उनके प्रयासों को आगे बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रहा है।
खेल मैदानों और प्रशिक्षण सुविधाओं का होगा विस्तार
कलेक्टर मिश्रा ने बताया कि दुगली के जिन बच्चों ने राष्ट्रीय स्तर पर खेलों में भाग लेकर जिले का गौरव बढ़ाया है, वहां आवश्यक खेल सुविधाएं विकसित की जाएंगी। मगरलोड के शंकरदाह स्टेडियम में सेना भर्ती की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के साथ स्टेडियम में पुस्तकालय की सुविधा भी स्वीकृत की गई है। हंचलपुर सहित छाती, , कुकरेल, नगरी और दुगली जैसे क्षेत्रों में भी खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए निर्माण कार्य और खेल सामग्री उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की जा रही है।
