स्नेहलता को तीन दिवस में मिला आय प्रमाण पत्र
ऑनलाइन आवेदन से समय और धन की बचत, बिना अनावश्यक भागदौड़ के मिली समयबद्ध सेवा
कोरबा, 09 अक्टूबर 2026/शासकीय सेवाओं का लाभ सहजता और निर्धारित समय-सीमा में मिलना आम नागरिकों के लिए बड़ी राहत है। इसी उद्देश्य से संचालित सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से नागरिक घर के नजदीक लोक सेवा केंद्र से आवेदन कर आवश्यक प्रमाण पत्र प्राप्त कर रहे हैं। डिजिटल व्यवस्था से आवेदन प्रक्रिया सरल होने के साथ समय और आर्थिक व्यय की बचत भी हो रही है।
कोरबा जिले की पाली तहसील अंतर्गत ग्राम नांनबाका निवासी कुमारी स्नेहलता, पिता सूरजभान, को सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से महज तीन दिवस के भीतर आय प्रमाण पत्र प्राप्त हो गया। उन्होंने ग्राम सुतर्रा स्थित लोक सेवा केंद्र में आय प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया था। आवश्यक दस्तावेजों एवं पटवारी प्रतिवेदन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनका आवेदन नियमानुसार निराकृत किया गया और उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के तहत तीन दिनों में प्रमाण पत्र मिल गया।
स्नेहलता ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि आय प्रमाण पत्र बनवाने की पूरी प्रक्रिया सहज रही। उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा और न ही शासकीय कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने पड़े। कम समय में प्रमाण पत्र मिलने से उनका समय और आने-जाने में होने वाला खर्च बचा। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से जरूरी शासकीय सेवाएं प्राप्त करना पहले की अपेक्षा आसान हुआ है।
स्नेहलता ने इस सुविधाजनक व्यवस्था के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की ऐसी जनहितैषी पहल से आम नागरिकों को समय पर सेवाएं मिल रही हैं। सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से सरल, पारदर्शी और समयबद्ध सेवा उपलब्ध होने से ग्रामीण नागरिकों के लिए शासकीय प्रक्रियाएं अधिक सुविधाजनक बन रही हैं।
