नदी किनारे चल रहा था खड़खड़िया जुआ, पुलिस ने मारा छापा
तीन गिरफ्तार, 5100 रुपए नकद समेत 1.35 लाख की सामग्री और वाहन जब्त
महासमुंद। सांकरा पुलिस ने ग्राम अंसुला में नदी किनारे संचालित खड़खड़िया जुआ अड्डे पर छापामार कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से जुआ खेलने की सामग्री, 5,100 रुपए नकद, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और छह मोटरसाइकिल जब्त की हैं। जब्त सामान और वाहनों की कुल कीमत करीब 1 लाख 35 हजार 100 रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 8 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम अंसुला में नदी किनारे कुछ लोग खड़खड़िया जुआ खिला रहे हैं। सूचना मिलते ही सांकरा पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और छापामार कार्रवाई की। पुलिस को देखकर कुछ लोग मौके से भाग निकले, जबकि जुआ खिलाने के आरोप में तीन लोगों को पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ग्राम गबौद निवासी चिंतामणि साहू (35), बल्दीडीह निवासी खेमराज डड़सेना (26) और अंसुला निवासी मयंक साहू (30) के रूप में हुई है।
जुआ सामग्री और छह बाइक जब्त
पुलिस ने मौके से एक पर्दा, छह गोटियां, बांस की एक टोकरी, एक चटाई और 5,100 रुपए नकद बरामद किए। इसके अलावा दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और छह मोटरसाइकिल भी जब्त की गईं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 6(क) के तहत कार्रवाई की है।
