कुआँकोंडा में छात्राओं को मिली साइकिल, शिक्षा के प्रति बढ़ा उत्साह
सेवा संकल्प अभियान के तहत विकासखंड स्तरीय भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता ‘मेरे सपनों का भारत’ का आयोजन
दंतेवाड़ा, 7 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुआँकोंडा में विकासखंड स्तरीय भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता ‘मेरे सपनों का भारत’ का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपने विचारों और कल्पनाओं के माध्यम से विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत की तस्वीर प्रस्तुत की। विद्यार्थियों ने शिक्षा, स्वच्छता, तकनीक, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण और देश के विकास जैसे विषयों पर अपनी कल्पनाओं को चित्रों एवं भाषण के माध्यम से अभिव्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को शिक्षा के महत्व, नियमित अध्ययन और अपने लक्ष्य के प्रति निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बस्तर सांसद महेश कश्यप ने कहा कि भारत प्राचीन काल से ही ज्ञान और शिक्षा की भूमि रहा है। नालंदा और तक्षशिला जैसे विश्वविद्यालयों ने पूरे विश्व को ज्ञान देने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि आज शासन के प्रयासों से शिक्षा की पहुंच गांव-गांव तक बढ़ी है। पहले विद्यार्थियों को विद्यालय पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी, लेकिन अब गांवों में प्राथमिक विद्यालय, समीपस्थ क्षेत्रों में माध्यमिक विद्यालय तथा विकासखंड मुख्यालयों में उच्चतर शिक्षा की सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं। उन्होंने छात्राओं से कहा कि वे शिक्षा को अपने जीवन में आगे बढ़ने का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम बनाएं और अपने सपनों को पूरा करने के लिए निरंतर मेहनत करें।
सांसद कश्यप ने छात्राओं के लिए संचालित सरस्वती निरूशुल्क साइकिल योजना को बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने वाली महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2004 से संचालित इस योजना से छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिली है और दूरस्थ क्षेत्रों की बालिकाओं को अपनी पढ़ाई निरंतर जारी रखने में मदद मिली है। इसी प्रकार प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क बेहतर होने से विद्यार्थियों सहित आम नागरिकों को शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच आसान हुई है। सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा भाव और सार्वजनिक जीवन की यात्रा से प्रेरणा लेते हुए युवाओं को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने छात्राओं से कहा कि वे बड़े सपने देखें, लक्ष्य निर्धारित करें और अनुशासन एवं मेहनत के साथ उन्हें हासिल करने का प्रयास करें। ‘मेरे सपनों का भारत’ प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने विचारों को रचनात्मक तरीके से व्यक्त करने का अवसर मिलना भी इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर कक्षा छठवीं की 50 छात्राओं को सरस्वती निरूशुल्क साइकिल योजना के तहत साइकिल वितरित की गई। साइकिल प्राप्त कर छात्राओं में उत्साह देखने को मिला। छात्राओं ने कहा कि साइकिल मिलने से उन्हें विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी और नियमित रूप से स्कूल पहुंचकर पढ़ाई करने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी छात्राओं को शिक्षा के साथ अनुशासन, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी को अपनाते हुए आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविन्द कुंजाम सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
