सेवा संकल्प अभियान में दिखी सुकमा के विद्यार्थियों की प्रतिभा
भाषण व चित्रकला में बिखरे हुनर के रंग
सुकमा, 04 अक्टुबर 2026/स्कूल शिक्षा विभाग, विकासखंड सुकमा द्वारा सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत 3 अक्टूबर को स्वामी आत्मानंद कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुकमा में विकासखंड स्तरीय भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। माध्यमिक स्तर के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए भाषण के माध्यम से अपने विचारों और चित्रों के जरिए रचनात्मकता व सामाजिक सरोकारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला संयोजक सेवा संकल्प अभियान विश्वराज सिंह चौहान, जिला सह-संयोजक उपेंद्र नायक तथा जनपद सदस्य एवं शिक्षा समिति सदस्य दशरथ नायक उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। भाषण प्रतियोगिता में रोहित कुमार सोड़ी ने प्रथम, कुमारी हिना ने द्वितीय और वीरेन्द्र देव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं चित्रकला प्रतियोगिता में कुमारी मनीता कारटामी प्रथम, शेखर नाग द्वितीय और रामकुमार माड़वी तृतीय रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों से सेवा संकल्प अभियान की परिकल्पना, उद्देश्यों और सामाजिक महत्व पर संवाद करते हुए सेवा, समर्पण, सामाजिक जिम्मेदारी एवं सकारात्मक नागरिक मूल्यों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों को प्रतिभा प्रदर्शन का मंच देने के साथ उनमें आत्मविश्वास, रचनात्मकता और सामाजिक चेतना विकसित करती हैं।
कार्यक्रम की अगवानी एवं आयोजन का मार्गदर्शन विकासखंड शिक्षा अधिकारी शैलेंद्र सिंह भदौरिया एवं खंड स्रोत समन्वयक दीपक बारसे ने किया। उनके मार्गदर्शन में प्रतियोगिता सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुई। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा भावना, सामाजिक उत्तरदायित्व, रचनात्मक अभिव्यक्ति और नेतृत्व क्षमता विकसित करना तथा सेवा संकल्प अभियान की मूल भावना को विद्यालयीन स्तर तक पहुंचाना रहा।
