छूटे एवं नए पात्र युवा मतदाताओं के पंजीकरण के लिए विशेष अभियान
मोहला 2 अक्टूबर 2026/भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में राज्य में छूटे हुए एवं नए पात्र युवा मतदाताओं के पंजीकरण के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत ऐसे पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने की प्रक्रिया को सुगम बनाया जाएगा, जिनका पंजीकरण अब तक नहीं हो पाया है।
इस अभियान के अंतर्गत बीएलओ द्वारा घर-घर भ्रमण कर मतदाता सूची के निरंतर अद्यतनीकरण की प्रक्रिया के तहत पात्र नागरिकों की जानकारी जुटाई जाएगी। विशेष रूप से पहली बार पात्र बने युवा मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल करने पर ध्यान दिया जाएगा।
– ऑनलाइन आवेदन की सुविधा, नागरिकों से सक्रिय सहभागिता की अपील
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए पात्र नागरिक ईसीआईनेट मोबाइल ऐप अथवा निर्वाचन आयोग की वेबसाइट https://voters.eci.gov.in के माध्यम से फॉर्म-6 में ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने पंजीकरण की स्थिति सुनिश्चित करें और पात्र होने पर समय पर आवेदन करें। अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे तथा सभी पात्र नागरिकों को अपने मताधिकार के प्रयोग का अवसर मिल सके।
