व्हील चेयर मिलने से चंद्रहास के भीतर जगा आत्मविश्वास, पिता के चेहरे पर दिखा संतोष

महासमुन्द, 25 सितंबर 2026/प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा संकल्प यात्रा का मूल भाव जन-जन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना और अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। सेवा और संवेदनशीलता की इसी भावना को महासमुन्द जिले में सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से धरातल पर साकार किया जा रहा है। समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ समाज के वृद्धजनों, विधवा एवं परित्यक्ता महिलाओं, अन्य दिव्यांगजनों तथा उभयलिंगी व्यक्तियों के कल्याण और सहायता के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में जिले के कुल 941 दिव्यांगजनों को व्हील चेयर, ट्राईसायकल, मोटराइज्ड ट्राईसायकल, श्रवण यंत्र, बैसाखी, वॉकर, एमआर किट, स्मार्ट फोन, श्वेत छड़ी सहित विभिन्न सहायक उपकरण प्रदान किए गए। वहीं वित्तीय वर्ष 2026-27 में जून 2026 तक 151 दिव्यांगजनों को विभिन्न सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जा चुके हैं।
सरकारी योजनाओं का लाभ जब जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचता है, तो वह एक सहायता ही नहीं उसके जीवन में उम्मीद, आत्मविश्वास और आगे बढ़ने की नई राह खोलती है। ऐसी ही बदलाव की कहानी है महासमुन्द जिले के 6 वर्षीय दिव्यांग बालक चन्द्रहास कुम्हार की। बहु-दिव्यांगता से प्रभावित चन्द्रहास को चलने-फिरने सहित दैनिक गतिविधियों के लिए लंबे समय से दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था। परिवार की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं थी कि वे अपने स्तर पर महंगा सहायक उपकरण खरीद सकें। चन्द्रहास के लिए घर से बाहर निकलना और उसे एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाना परिवार के लिए भी चुनौतीपूर्ण था। ऐसे समय में समाज कल्याण विभाग की संवेदनशील पहल उसके जीवन में उम्मीद की नई किरण लेकर आई।
समाज कल्याण विभाग द्वारा कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरण योजना के माध्यम से चन्द्रहास को व्हील चेयर उपलब्ध कराई गई। व्हील चेयर मिलने के बाद अब चन्द्रहास के लिए आवागमन पहले की तुलना में आसान हो गया है। उसके पिता के चेहरे पर भी संतोष और खुशी साफ दिखाई देती है। उन्होंने भावुक होकर बताया कि अब चन्द्रहास को कहीं लाने-ले जाने में काफी सहूलियत होगी। व्हील चेयर ने उसकी दैनिक गतिविधियों को आसान बनाया है, साथ ही उसके भीतर आत्मविश्वास और स्वतंत्रता की भावना को भी मजबूत किया है। उन्होंने इसके लिए शासन का धन्यवाद ज्ञापित किया है।

इन्हें भी पढ़े