सेवा संकल्प अभियान : पक्के मकान ने दिया सुरक्षा और सुकून, सनातन प्रसाद का वर्षों पुराना सपना हुआ पूरा

’अब बारिश में छत टपकने और सांप-बिच्छू का डर नहीं, पक्के मकान में सुरक्षित हुआ परिवार का जीवन- सनातन प्रसाद
कोरबा 18 सितम्बर 2026/कोरबा शहर के वार्ड क्रमांक 19 पथर्रीपारा निवासी सनातन प्रसाद पाठक के लिए पक्का मकान केवल एक निर्माण नहीं, बल्कि परिवार के सुरक्षित और सुखद जीवन की नई शुरुआत है। ठेका मजदूरी का कार्य करने वाले पाठक पहले अपनी पत्नी श्रीमती विजय लक्ष्मी पाठक और परिवार के साथ कच्चे मकान में रहते थे। छप्पर से बने घर की हर बरसात उनके लिए चिंता लेकर आती थी। बार-बार मरम्मत के बावजूद घर को सुरक्षित रखना मुश्किल होता था।
पाठक बताते हैं कि कच्चे मकान में रहने के दौरान बरसात के दिनों में छत से पानी टपकता था। दीवारों और फर्श में सीलन आ जाने से घर के भीतर रहना परेशानी भरा हो जाता था। मिट्टी के घर में जहरीले सांप-बिच्छुओं का डर भी हमेशा बना रहता था। सीमित आमदनी में बार-बार मकान की मरम्मत कराना भी उनके लिए आसान नहीं था। ऐसे में परिवार के लिए एक मजबूत और सुरक्षित घर का सपना लंबे समय से मन में था।
योजना का लाभ मिलने के बाद यह सपना हकीकत में बदल गया। अब सनातन प्रसाद पाठक अपने परिवार के साथ पक्के मकान में सुरक्षित और सुकून भरा जीवन व्यतीत कर रहे हैं। वे कहते हैं, “पहले कच्चे घर में बहुत दिक्कत होती थी। बारिश में छत से पानी टपकता था, दीवार और फर्श में सीलन रहती थी। मिट्टी के घर में सांप-बिच्छू आने का डर भी लगा रहता था। घर की मरम्मत में बार-बार खर्च करना पड़ता था। अब हमारा पक्का मकान बन गया है। बारिश में पानी टपकने या घर को नुकसान होने की चिंता नहीं रहती। परिवार के साथ अपने घर में बहुत अच्छा और सुरक्षित महसूस होता है।”
पक्का मकान मिलने से पाठक के परिवार को केवल बेहतर आवास ही नहीं मिला, बल्कि वर्षों से चली आ रही असुविधाओं से भी राहत मिली है। अब उनका घर मौसम की मार से सुरक्षित है और परिवार निश्चिंत होकर अपने पक्के आशियाने में जीवन बिता रहा है। पाठक इस योजना से लाभान्वित होने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहते हैं कि सरकार की आवास योजना ने उनके परिवार के उस सपने को पूरा किया है, जिसे वे लंबे समय से अपने मन में संजोए हुए थे।

इन्हें भी पढ़े