सेवा संकल्प अभियान से ग्रामीणों को मिल रहा सुशासन का लाभ
वृद्ध किसान रामनाथ चंद्रवंशी की वर्षों पुरानी रकबा संशोधन की समस्या का हुआ समाधान
मौके पर ही उपलब्ध कराया गया संशोधित भू-अभिलेख
गरियाबंद, 16 सितंबर 2026/ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर प्रदेश में आयोजित सेवा संकल्प अभियान सेवा, सुशासन और जनभागीदारी की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बन रहा है। अभियान के माध्यम से शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के साथ ही आमजनों की समस्याओं के त्वरित निराकरण पर भी जोर दिया जा रहा है।
इसी भावना की एक मिसाल ग्राम सढौली निवासी वृद्ध किसान रामनाथ चंद्रवंशी के प्रकरण में देखने को मिली। किसान रामनाथ चंद्रवंशी अपनी कृषि भूमि के 1.48 हेक्टेयर रकबा संशोधन की समस्या को लेकर परेशान थे। लंबे समय से समस्या का समाधान नहीं होने के कारण उन्हें चिंता थी कि इस उम्र में अपनी समस्या के निराकरण के लिए कहां जाएं और किससे संपर्क करें। सेवा और सुशासन की भावना के साथ प्रशासन द्वारा ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण के लिए की जा रही पहल के तहत उनके प्रकरण पर त्वरित कार्रवाई की गई। राजस्व विभाग द्वारा आवश्यक जांच एवं सुधार की प्रक्रिया पूरी कर रकबा संबंधी अभिलेख में संशोधन किया गया। इसके बाद किसान रामनाथ चंद्रवंशी को संशोधित भू-अभिलेख किताब उपलब्ध कराई गई।
समस्या का समाधान होने पर किसान रामनाथ चंद्रवंशी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि वे पिछले तीन वर्षों से अपनी समस्या के समाधान को लेकर चिंतित थे। उन्हें बार-बार पटवारी और तहसील कार्यालय के चक्कर लगाने की चिंता रहती थी। लेकिन प्रशासन की पहल से उनका काम आसानी से पूरा हो गया। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान जैसे प्रयासों से ग्रामीणों, बुजुर्गों और आम नागरिकों को शासन-प्रशासन की सेवाएं सहज रूप से मिल रही हैं। रामनाथ चंद्रवंशी की कहानी यह दर्शाती है कि जब सेवा की भावना के साथ शासन और प्रशासन आम नागरिकों तक पहुंचता है, तो वर्षों पुरानी समस्याओं का भी समाधान संभव होता है। सेवा संकल्प अभियान इसी सेवा, सुशासन और जनभागीदारी की भावना को आगे बढ़ाने का प्रयास है।
