स्वच्छता ही सेवा और सेवा संकल्प से गरियाबंद में चलेगा स्वच्छता एवं जनभागीदारी का विशेष अभियान
स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत नगरीय क्षेत्रों में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर और ग्रामीण क्षेत्रों में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक होंगी विविध गतिविधियां
गरियाबंद 16 सितंबर 2026/ जिले में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ और ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ को आपसी समन्वय के साथ व्यापक जनभागीदारी के माध्यम से संचालित किया जाएगा। भारत सरकार एवं राज्य शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप स्वच्छ भारत मिशन शहरी 2.0 अंतर्गत नगरीय क्षेत्रों में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक, जबकि स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में यह अभियान 17 सितंबर से 02 अक्टूबर 2026 तक विशेष रूप से संचालित होगा। इसके साथ ही पूरे जिले में ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न गतिविधियों के साथ आयोजित किया जाएगा। दोनों अभियानों का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता एवं सामूहिक सहभागिता को बढ़ावा देना, सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखना तथा शासन की जनकल्याणकारी गतिविधियों से आम नागरिकों को जोड़ना है।
नगरीय क्षेत्रों में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा ‘स्वच्छता ही सेवा’ –
नगरीय क्षेत्रों में अभियान के दौरान गंदे एवं कचरा एकत्रीकरण वाले स्थानों तथा स्वच्छता लक्षित इकाइयों की पहचान कर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। उपेक्षित एवं सार्वजनिक स्थलों को चिन्हांकित कर उनकी साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था बेहतर की जाएगी। ‘स्वच्छ पाठशाला-युवा फॉर स्वच्छता’ के तहत विद्यालयीन छात्र-छात्राओं एवं युवाओं को स्वच्छता गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। स्वच्छता ज्ञान यात्रा, स्वच्छता एवं जल संचय संवाद तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों एवं युवाओं में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी। इसी तरह ‘सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर’ के तहत सफाई कर्मचारियों एवं स्वच्छताग्रहियों के स्वास्थ्य की जांच की जाएगी तथा उन्हें केंद्र एवं राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए आवश्यक जानकारी एवं सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। अभियान में ‘स्वच्छता हेतु जनभागीदारी’ के तहत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के संबंध में नागरिकों को जागरूक किया जाएगा। ‘अब दो नहीं, चार’ के संदेश के साथ घरों एवं संस्थानों में कचरे के चार स्तर पर पृथक्करण को प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके अलावा ‘स्वच्छता से समृद्धि’ के तहत पुनर्चक्रण योग्य अनुपयोगी सामग्री से कला-कृतियां एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियां आयोजित करने के साथ प्लास्टिक रिसाइक्लिंग मेला एवं रीयूस रिसाइकल रिड्यूस (आरआरआर) केन्द्रों को सुदृढ़ करने पर भी जोर रहेगा।
ग्रामीण क्षेत्रों में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक विशेष स्वच्छता अभियान –
ग्रामीण क्षेत्रों में 17 सितंबर से 02 अक्टूबर 2026 तक ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान संचालित किया जाएगा। इसका उद्देश्य गांवों में स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी, सामूहिक उत्तरदायित्व एवं व्यवहार परिवर्तन को बढ़ावा देना है। अभियान के तहत गंदे एवं कचरा एकत्रीकरण वाले स्थानों की पहचान एवं सफाई, सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखना, सफाई कर्मचारियों एवं स्वच्छताग्रहियों के लिए स्वास्थ्य जांच एवं सम्मान शिविर, वेस्ट टू आर्ट तथा स्वच्छता के प्रति जन -जागरूकता से संबंधित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
‘सेवा संकल्प अभियान’ से जुड़ेगी स्वच्छता गतिविधियां –
राज्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ भी आयोजित किया जा रहा है। दोनों अभियानों की गतिविधियों को आपसी समन्वय के साथ संचालित करते हुए अधिक से अधिक जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों -कर्मचारियों, स्वच्छताग्रहियों, स्व-सहायता समूहों, युवाओं, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘मेरे सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का मिलन’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’ और ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित होंगी। इन गतिविधियों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
अभियान में सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर –
जिले में अभियान को प्रभावी बनाने के लिए नगरीय निकायों एवं ग्राम पंचायतों के स्तर पर जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा। सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों, सीएसआर संस्थाओं, स्व-सहायता समूहों, युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को विभिन्न स्वच्छता एवं सेवा गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। अभियान के दौरान आयोजित गतिविधियों की समयबद्ध रिपोर्टिंग, फोटो एवं आवश्यक दस्तावेजों के साथ प्रगति की जानकारी संबंधित पोर्टल पर दर्ज करने पर भी जोर दिया गया है। इस प्रकार नगरीय क्षेत्रों में एक माह तक और ग्रामीण क्षेत्रों में गांधी जयंती तक विशेष रूप से संचालित होने वाले स्वच्छता अभियान को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के साथ जोड़कर जिले में स्वच्छता, सेवा एवं जनभागीदारी का व्यापक वातावरण तैयार किया जाएगा।
