पुसौर विकासखण्ड के उत्कृष्ट शिक्षकों का हुआ सम्मान
26 संकुलों से चयनित 52 शिक्षक एवं राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त दो शिक्षिकाएं सम्मानित
रायगढ़, 9 सितम्बर 2026/पुसौर विकासखण्ड की शालाओं में उत्कृष्ट अध्यापन एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 26 संकुलों से चयनित 52 शिक्षकों तथा वर्ष 2025 में राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त दो शिक्षिकाओं का सम्मान समारोह ग्राम गढ़उमरिया स्थित अजीम प्रेमजी स्कूल के सभाकक्ष में आयोजित किया गया।
समारोह में जनपद अध्यक्ष श्रीमती हेमलता हरिशंकर चौहान, जिला पंचायत सदस्य भाग्यवती डोल नायक, जनपद सदस्य मुक्तेश्वर पंडा, संदीप पंडा एवं डोल नारायण नायक ने शिक्षकों को मोमेंटो एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया। शिक्षकों का चयन संकुलों से प्राप्त प्रस्तावों के आधार पर किया गया था। जनपद अध्यक्ष हेमलता चौहान ने पुसौर विकासखण्ड को शिक्षा के क्षेत्र में सर्वोच्च स्थान पर स्थापित करने की दिशा में कार्य करने की अपील की। अन्य अतिथियों ने भी सम्मानित शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी भुनेश्वर पटेल ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर परीक्षा परिणाम के लिए शिक्षकों से समर्पित प्रयास करने का आह्वान किया।
समारोह में वर्ष 2025 के राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित शिक्षिकाएं ओम कुमारी पटेल एवं आरती साहू सहित विभिन्न विद्यालयों के चयनित शिक्षक सम्मानित हुए। इस दौरान एसबीआई पुसौर के शाखा प्रबंधक प्रकाश चंद्र झा ने शिक्षकों को बैंकिंग सुविधाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में संकुल प्राचार्य सुरंजना रावत, सहायक विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी उत्तर सिदार एवं मनीष सिन्हा, सीएसी गुरुदेव गुप्ता सहित सभी संकुल शैक्षिक समन्वयक एवं अजीम प्रेमजी स्कूल के शिक्षक उपस्थित रहे। मंच संचालन मुरलीधर गुप्ता ने किया।
