योजनाओं के शत-प्रतिशत क्रियान्वयन के साथ विकास कार्यों में तेजी लाने कलेक्टर विश्वदीप ने दिए निर्देश

साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में ‘बस्तर मुन्ने’, वीबी-जी राम जी, आवासीय संस्थानों, कृषि और स्वास्थ्य योजनाओं की हुई समीक्षा
बीजापुर 09 सितंबर 2026/कलेक्टर विश्वदीप ने साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में जिले में संचालित शासन की विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों की समय-सीमा में पूर्ति सुनिश्चित करने के साथ योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक शत-प्रतिशत पहुंचाने के निर्देश दिए। बैठक में वीबी-जी राम जी, ‘बस्तर मुन्ने’, आवासीय शैक्षणिक संस्थानों, धान पंजीयन, एग्रीस्टैक, पीएमजीएसवाई, टीबी स्क्रीनिंग एवं HPV वैक्सीनेशन सहित विभिन्न विषयों की समीक्षा की गई।
1000 आजीविका डबरी निर्माण की बनेगी कार्ययोजना
बैठक में वीबी-जी राम जी के अंतर्गत जिले में 1000 आजीविका डबरी निर्माण की कार्ययोजना के संबंध में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्रीमती नम्रता चौबे ने कलेक्टर को अवगत कराया। उन्होंने प्रस्तावित कार्यों एवं उनके क्रियान्वयन की रूपरेखा की जानकारी दी।
कलेक्टर विश्वदीप ने निर्देशित किया कि डबरी निर्माण के कार्यों का चयन ग्रामीण परिवारों की आजीविका एवं स्थानीय जरूरतों को ध्यान में रखते हुए किया जाए। उन्होंने डबरी के माध्यम से सिंचाई, मत्स्य पालन एवं अन्य आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा देने की संभावनाओं पर भी ध्यान देने को कहा। इसके साथ ही बालिका शौचालय, आंगनबाड़ी तथा जल संरक्षण के लिए स्ट्रेंच निर्माण जैसे आवश्यक कार्यों की भी कार्ययोजना तैयार कर प्राथमिकता से क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
‘बस्तर मुन्ने’ में सभी सेवाओं का शत-प्रतिशत सैचुरेशन हो सुनिश्चित
कलेक्टर ने ‘बस्तर मुन्ने’ अभियान की समीक्षा करते हुए जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन, जाति, निवास और आय प्रमाण पत्र, वनाधिकार पत्र सहित अभियान के तहत उपलब्ध कराई जा रही सभी सेवाओं का शत-प्रतिशत सैचुरेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को सेवाओं का लाभ मिलने के साथ संबंधित पोर्टल पर अनिवार्य रूप से एंट्री भी सुनिश्चित की जाए। मैदानी अमले के माध्यम से छूटे हुए हितग्राहियों की पहचान कर उनके आवेदन एवं आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कराने के निर्देश भी दिए गए।
आवासीय संस्थानों में बिजली-पानी सहित सभी सुविधाओं की नियमित निगरानी
जिले के सभी आवासीय शैक्षणिक संस्थानों की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने बिजली, पेयजल, स्वच्छता, शौचालय सहित सभी आवश्यक बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को संस्थानों का नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की सतत निगरानी करने तथा कमियों का तत्काल निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।
धान पंजीयन और एग्रीस्टैक के लिए किसानों को करें जागरूक
कलेक्टर ने धान पंजीयन से संबंधित खसरा पंजीयन एवं एग्रीस्टैक पंजीयन की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने किसानों को पंजीयन की आवश्यकता एवं प्रक्रिया के संबंध में व्यापक रूप से जागरूक करने तथा पात्र किसानों का समय-सीमा में पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सड़कों के निरीक्षण और स्वास्थ्य कार्यक्रमों की भी हुई समीक्षा
बैठक में पीएमजीएसवाई सड़कों के निर्माण एवं प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर गुणवत्ता एवं कार्यों की स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान टीबी स्क्रीनिंग एवं HPV वैक्सीनेशन की प्रगति की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने लक्षित हितग्राहियों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने और निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति के लिए मैदानी स्तर पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर विश्वदीप ने अधिकारियों से कहा कि समय-सीमा बैठक में दिए गए निर्देशों का समयबद्ध पालन और उसकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विभागीय योजनाओं को केवल कागजी प्रगति तक सीमित न रखते हुए उनके वास्तविक लाभ को नागरिकों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रीमती नम्रता चौबे संयुक्त कलेक्टर जागेश्वर कौशल, संयुक्त कलेक्टर उत्तम सिंह पंचारी सहित जिला स्तरीय वरिष्ठ अधिकारी गण समस्त अनुभाग के एसडीएम डिप्टी कलेक्टर तहसीलदार सीईओ जनपद पंचायत एवं सीएमओ नगरीय निकाय उपस्थित थे।