दूसरे की दुकान में काम करने वाले रामावतार आज खुद चला रहे हैं मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान

प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम से मिली सहायता, आर्थिक स्थिति के साथ समाज में भी बढ़ा मान-सम्मान
कवर्धा, 08 सितंबर 2026/कबीरधाम जिले के सोनपुरी रानी निवासी रामावतार साहू आज अपना मोबाइल रिपेयरिंग का काम संचालित कर रहे हैं। पहले वे दूसरे की दुकान में काम करते थे। आर्थिक स्थिति कमजोर थी और समाज में भी उनकी ज्यादा जान-पहचान नहीं थी। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत उन्हें मोबाइल रिपेयरिंग वर्क के लिए 3 लाख की परियोजना लागत पर 1.05 लाख का अनुदान मिला। योजना से मिली सहायता से उन्होंने अपनी दुकान शुरू की और अपने हुनर को रोजगार का साधन बनाया।
अपनी दुकान शुरू करने के बाद रामावतार की आर्थिक स्थिति में सुधार आया। अब वे स्वयं अपना काम करते हैं और अपनी आमदनी से परिवार की जरूरतें पूरी करने में सहयोग कर पा रहे हैं। दुकान के माध्यम से लोगों से उनका संपर्क भी बढ़ा है और समाज में उन्हें पहले से अधिक मान-सम्मान और पहचान मिली है। रामावतार बताते हैं कि पहले किसी दूसरे के यहां काम करना पड़ता था, लेकिन योजना की सहायता से उन्हें अपना व्यवसाय शुरू करने का अवसर मिला। इससे उन्हें आगे बढ़ने का हौसला मिला और आज वे अपने पैरों पर खड़े हैं।
वे चाहते हैं कि योजना के तहत बैंक से मिलने वाली राशि को जरूरत के अनुसार बढ़ाया जाए, ताकि हितग्राही अपने व्यवसाय को बेहतर तरीके से शुरू और आगे बढ़ा सकें। उनका यह भी सुझाव है कि उन्हें दोबारा अनुदान सहित योजना का लाभ लेने का अवसर मिलना चाहिए। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम ने रामावतार साहू के लिए सिर्फ रोजगार का साधन नहीं बनाया, बल्कि उन्हें अपनी अलग पहचान बनाने और आर्थिक रूप से मजबूत होने का अवसर भी दिया।

इन्हें भी पढ़े