बाल विवाह मुक्त की रोकथाम के लिए मिशन वात्सल्य चाइल्ड हेल्प लाइन की टीम द्वारा गांव-गांव में लोगों को कर रहे जागरूक

बाल विवाह रोकथाम के लिए हेल्प लाइन 1098 में करे संपर्क
कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति के निर्देश पर कबीरधाम जिले में बाल विवाह मुक्त के लिए निरंतर अभियान जारी
कवर्धा, 08 सितंबर 2026/कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति के निर्देश एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के मार्गदर्शन में जिले में बाल विवाह की प्रभावी रोकथाम के लिए निरंतर जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग अंतर्गत मिशन वात्सल्य, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 एवं जिला बाल संरक्षण इकाई की टीम द्वारा कबीरधाम जिले के चारों विकासखंडों के विभिन्न ग्रामों में पहुंचकर ग्रामीणों एवं स्कूली बच्चों के साथ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
अभियान के तहत टीम द्वारा ग्राम बरबसपुर, भेड़ागढ़, मंजगांव एवं बारभावर सहित विभिन्न ग्रामों में ग्रामीणों तथा विद्यालयीन विद्यार्थियों को बाल विवाह के दुष्परिणामों एवं इसकी रोकथाम के लिए बनाए गए कानूनों की जानकारी दी जा रही है। साथ ही ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों को बाल विवाह रोकने के लिए जागरूक करते हुए बाल विवाह मुक्त पंचायत बनाने की शपथ भी दिलाई जा रही है।
बाल विवाह रोकने कानून की दी गई जानकारी
जागरूकता कार्यक्रम में ग्रामीणों एवं स्कूली विद्यार्थियों को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के संबंध में जानकारी दी गई। टीम द्वारा बताया गया कि बाल विवाह की रोकथाम के लिए कानून में समय-समय पर संशोधन किए गए हैं। वर्तमान प्रावधानों के अनुसार विवाह के लिए लड़की की आयु 18 वर्ष तथा लड़के की आयु 21 वर्ष होना आवश्यक है। निर्धारित आयु से कम उम्र में विवाह करना एवं करवाना कानूनन अपराध है। टीम द्वारा बाल विवाह से होने वाले सामाजिक, शारीरिक, मानसिक एवं शैक्षणिक दुष्प्रभावों के बारे में भी जानकारी दी गई। विशेष रूप से बच्चों और किशोर-किशोरियों को शिक्षा जारी रखने, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा बाल विवाह जैसी कुप्रथा को रोकने में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ की दिशा में सामूहिक प्रयास
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ की दिशा में अभियान प्रारंभ किया गया है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए कबीरधाम जिले की सभी ग्राम पंचायतों में महिला एवं बाल विकास विभाग, मिशन वात्सल्य एवं चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम द्वारा जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को बाल विवाह की सूचना मिलने पर तत्काल संबंधित विभाग को सूचित करने और बाल विवाह को रोकने में प्रशासन का सहयोग करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
जरूरतमंद बच्चों की सहायता के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन 1098
कार्यक्रम के दौरान चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के संबंध में भी ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों को जानकारी दी गई। बताया गया कि चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 बच्चों के लिए 24 घंटे संचालित होने वाली निःशुल्क आपातकालीन सेवा है। ऐसे बच्चे जिन्हें देखभाल एवं संरक्षण की आवश्यकता है, उनकी सहायता के लिए इस नंबर पर संपर्क किया जा सकता है। अनाथ, बेसहारा, गुमशुदा, बाल श्रम अथवा बाल विवाह से प्रभावित बच्चों की सुरक्षा एवं सहायता के लिए निःशुल्क हेल्पलाइन नंबर 1098 पर सूचना दी जा सकती है।
टीम द्वारा लगातार चलाया जा रहा जागरूकता अभियान
बाल विवाह रोकथाम के लिए आयोजित इन जागरूकता कार्यक्रमों में मिशन वात्सल्य से राजाराम चंद्रवंशी, संरक्षण अधिकारी, अविनाश ठाकुर, परामर्शदाता, चाइल्ड हेल्पलाइन से महेश कुमार निर्मलकर, परियोजना समन्वयक, हीरा सेन, परामर्शदाता, रामलाल पटेल एवं श्यामा धुर्वे, सुपरवाइजर, विनय कुमार जंघेल एवं प्रिंसी गुप्ता, आउटरिच वर्कर, तथा मंदाकिनी वर्मा एवं भारती धुर्वे, केस वर्कर द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।

इन्हें भी पढ़े