कलेक्टर ने ई-ऑफिस प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन में उत्कृष्ट कार्य पर अधीक्षक राजेन्द्र सिंह धुर्वे को किया सम्मानित

प्रदेश में पांचवां स्थान प्राप्त कर कबीरधाम का बढ़ाया गौरव
कवर्धा, 08 सितंबर 2026/कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में ई-ऑफिस प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन एवं उत्कृष्ट कार्य के लिए जिला कार्यालय के अधीक्षक राजेन्द्र सिंह धुर्वे को सम्मानित किया। इस अवसर पर कलेक्टर ने उनके उत्कृष्ट कार्य की सराहना करते हुए पौधा प्रदान कर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उल्लेखनीय है कि जिला कार्यालय में ई-ऑफिस प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन एवं इसके बेहतर संचालन में उत्कृष्ट कार्य करते हुए अधीक्षक राजेन्द्र सिंह धुर्वे ने पूरे प्रदेश में पांचवां स्थान प्राप्त किया है।
कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने राजेन्द्र सिंह धुर्वे को बधाई देते हुए कहा कि ई-ऑफिस प्रणाली शासन की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, त्वरित, व्यवस्थित एवं पेपरलेस बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके प्रभावी क्रियान्वयन से कार्यालयीन कार्यों में गति आई है तथा फाइलों के निराकरण और अधिकारियों के बीच समन्वय को बेहतर बनाने में सहायता मिल रही है। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अभिषेक अग्रवाल, अपर कलेक्टर नरेन्द्र पैकरा, रामप्रसाद आचला सहित अधिकारी उपस्थित थे।
उन्होंने कहा कि किसी भी शासकीय व्यवस्था की सफलता उसके प्रभावी क्रियान्वयन पर निर्भर करती है। धुर्वे द्वारा ई-ऑफिस प्रणाली के संचालन में बेहतर कार्य करते हुए प्रदेश स्तर पर पांचवां स्थान प्राप्त करना सराहनीय उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि जिले के अन्य अधिकारी-कर्मचारी भी इससे प्रेरणा लेकर अपने कार्यों में उत्कृष्टता लाएं और शासन की डिजिटल पहल को और अधिक प्रभावी बनाने में योगदान दें। कलेक्टर ने कहा कि ई-ऑफिस प्रणाली का उद्देश्य शासकीय कार्यों को सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाना है। डिजिटल माध्यम से कार्यालयीन कार्यों के संचालन से समय एवं संसाधनों की बचत के साथ-साथ कार्यों की निगरानी एवं जवाबदेही भी सुनिश्चित होती है।

इन्हें भी पढ़े