विधवा को पारिवारिक पेंशन नहीं मिलने की खबर का जिला शिक्षा अधिकारी ने किया खंडन

जशपुरनगर 07 सितम्बर 2026/ समाचार पत्रों में प्रकाशित खबर विधवा को एक साल बाद भी नहीं मिली पारिवारिक पेंशन के संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी ने खंडन जारी किया है। यह समाचार विकासखंड मनोरा से संबंधित है।
विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी मनोरा के प्रतिवेदन अनुसार आवेदिका श्रीमती रमनी बाई के पति स्व. पैतु राम नाग, प्रधान पाठक शासकीय माध्यमिक शाला गेड़ई की मृत्यु के पश्चात अनुग्रह राशि 50 हजार एवं बीमा राशि 03 लाख रुपये का भुगतान कर दिया गया है।
आवेदिका के पति की सेवा पुस्तिका में दर्ज नाम एवं आधार- पेन कार्ड व बैंक पासबुक में नाम में अंतर होने के कारण सुधार के पश्चात विलंब से दस्तावेज जमा हुए। दस्तावेज प्राप्त होते ही पेंशन प्रकरण तैयार कर कार्यालयीन पत्र द्वारा संयुक्त संचालक, कोष लेखा एवं पेंशन अंबिकापुर को प्रेषित किया जा चुका है, जिसका एमआईआर नंबर 202640429 है।
विभाग के निर्देशानुसार 01 जनवरी 2016 से अधिक भुगतान की वसूली राशि 02 लाख 77 हजार 261 रुपये जमा करने हेतु श्रीमती रमनी बाई को पत्र द्वारा सूचना दी गई है, जो आज पर्यन्त लंबित है। जीआईएस राशि का भुगतान किया जा चुका है तथा अवकाश नगदीकरण का बिल जिला कोषालय को भेजा गया है। जीपीएफ पासबुक स्वयं शिक्षक के पास रहने व संधारण अपूर्ण होने के कारण विलंब हुआ, जिसे अब महालेखाकार रायपुर को दिनांक 06 अगस्त 2026 को प्रेषित कर दिया गया है।