ऊर्जा संरक्षण पर राष्ट्रीय चित्रकला प्रतियोगिता, कक्षा 5वीं से 10वीं तक के विद्यार्थी ले सकेंगे भाग
कवर्धा, 07 सितंबर 2026/ऊर्जा दक्षता ब्यूरो (बी.ई.ई.), विद्युत मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा विद्यार्थियों में ऊर्जा दक्षता एवं ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से वर्ष 2026 की ऊर्जा संरक्षण आधारित राष्ट्रीय चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता का आयोजन जिले के सभी शासकीय एवं निजी विद्यालयों में स्कूल स्तर पर कराया जाएगा। बी.ई.ई. से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुसार कक्षा 5वीं से 10वीं तक के छात्र-छात्राएं इस प्रतियोगिता में भाग ले सकेंगे। विद्यार्थियों को दो समूहों में विभाजित किया गया है, जिसमें ग्रुप-ए में कक्षा 5वीं से 7वीं तक तथा ग्रुप-बी में कक्षा 8वीं से 10वीं तक के विद्यार्थी शामिल होंगे। इस वर्ष प्रतियोगिता के लिए ‘‘सेव एनर्जी एट स्कूल एण्ड होम’’ तथा ‘‘एनर्जी कंजर्वेशन इज द की फॉर एनर्जी सिक्योरिटी’’ विषय निर्धारित किए गए हैं। विद्यार्थी इन विषयों पर चित्रकला के माध्यम से अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए ऊर्जा संरक्षण एवं ऊर्जा सुरक्षा का संदेश दे सकेंगे।
क्रेडा जिला अधिकारी एन.के. गायकवाड ने बताया कि स्कूल स्तर पर प्रत्येक विद्यालय में 02 घंटे की चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता के उपरांत प्रत्येक वर्ग से दो सर्वश्रेष्ठ चित्रों का चयन किया जाएगा। चयनित चित्रों को जिला शिक्षा अधिकारी के माध्यम से 15 अक्टूबर 2026 के पूर्व राज्य हेतु नोडल अधिकारी आर.पी. साहू, सीनियर जनरल मैनेजर, पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड, कुम्हारी, जिला दुर्ग (छत्तीसगढ़) को भेजा जाएगा। स्कूल स्तर की प्रतियोगिता के बाद राज्य के नोडल अधिकारी द्वारा 14 नवंबर से 21 नवंबर 2026 के बीच राज्य स्तरीय पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। राज्य स्तर पर प्रत्येक समूह से 50 सर्वश्रेष्ठ चित्रों का चयन किया जाएगा। प्रत्येक समूह में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः 50 हजार रुपये, 30 हजार रुपये एवं 20 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। राज्य स्तर पर चयनित प्रत्येक वर्ग के तीन सर्वश्रेष्ठ चित्रों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए भेजा जाएगा।
गायकवाड ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर चयनित विद्यार्थियों के लिए 11 दिसंबर 2026 को नई दिल्ली में स्पॉट पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। राष्ट्रीय स्तर पर प्रत्येक वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 1 लाख रुपये की पुरस्कार राशि के साथ एक लैपटॉप एवं गोल्ड मेडल, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि के साथ एक लैपटॉप एवं सिल्वर मेडल तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 30 हजार रुपये की पुरस्कार राशि के साथ एक लैपटॉप एवं कांस्य मेडल प्रदान किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर के विजेताओं को ये पुरस्कार 14 दिसंबर 2026 को राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण दिवस के अवसर पर प्रदान किए जाएंगे।
जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग ने जिले के सभी शासकीय एवं निजी विद्यालयों से अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं को इस प्रतियोगिता में शामिल कराने तथा ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की अपील की है। प्रतियोगिता के संबंध में अधिक जानकारी के लिए क्रेडा जिला अधिकारी एन.के. गायकवाड, मोबाइल नंबर 9340999654 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा जिला शिक्षा अधिकारी, कबीरधाम कार्यालय से भी आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
