हादसे में महिला की मौत, जांच के बाद पिकअप चालक पर अपराध दर्ज
पीछे से बाइक को मारी थी टक्कर, तीन लोग हुए थे घायल; इलाज के दौरान महिला ने तोड़ा दम
महासमुंद। बीते माह बाइक को पीछे से पिकअप वाहन द्वारा टक्कर मारने से हुई महिला की मौत के मामले में जांच के बाद खल्लारी पुलिस ने आरोपी वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार मर्ग क्रमांक 44/2026 की जांच में सामने आया कि 12 जुलाई 2026 को नवागांव निवासी शांति बाई ध्रुव, रेवाराम ध्रुव और पदुम ध्रुव बाइक क्रमांक सीजी 06 डी 5537 से मोहंदी से नवागांव जा रहे थे। दोपहर करीब 2 बजे रामखेड़ा-झारा मार्ग पर तालाब के पास पीछे से आ रहे पिकअप वाहन क्रमांक सीजी 04 एलटी 7918 के चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीनों को गंभीर चोटें आईं। घायल शांति बाई ध्रुव की उपचार के दौरान 15 जुलाई को मौत हो गई। मर्ग जांच के बाद पुलिस ने आरोपी पिकअप चालक के खिलाफ धारा 281, 125(ए), 106(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।
