जोक नदी के पुराने पुल पर भीषण हादसा: कार-बाइक टक्कर के बाद नदी में गिरे दोनों वाहन, एक की मौत, एक लापता
दोपहर 3 बजे हुआ दर्दनाक हादसा, कार सवार तीन लोगों को स्थानीय लोगों ने सुरक्षित निकाला
तेज बहाव में बहे बाइक सवार भागीरथ साहू की तलाश में रेस्क्यू अभियान जारी
महासमुंद। जिले के सांकरा थाना क्षेत्र में रविवार की दोपहर जोक नदी के पुराने पुल पर हुए भीषण सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर दिया। करीब 3 बजे कार और मोटरसाइकिल के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि दोनों वाहन अनियंत्रित होकर पुल से नीचे नदी में जा गिरे। हादसे में कार सवार दुधीपाली निवासी राजकुमार निषाद (42) की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार वारनवापार के गवरौद निवासी भागीरथ साहू (55) तेज बहाव में बह गए। उनकी तलाश के लिए पुलिस और रेस्क्यू टीम अभियान चला रही है।
पुल से नीचे नदी में जा गिरी कार और बाइक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविवार दोपहर जोक नदी के पुराने पुल पर कार और मोटरसाइकिल आमने-सामने आ गईं। दोनों वाहनों के बीच इतनी जबरदस्त भिड़ंत हुई कि चालक नियंत्रण खो बैठे और कार व बाइक पुल से नीचे नदी में जा गिरीं। अचानक हुए इस हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
कार में सवार थे चार लोग, एक की मौत
बताया गया है कि कार में कुल चार लोग सवार थे। हादसे में दुधीपाली निवासी राजकुमार निषाद (42) की मौत हो गई। वहीं कार में सवार तीन अन्य लोगों को मौके पर मौजूद लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजे जाने की जानकारी है।
बाइक सवार भागीरथ तेज बहाव में बहे
हादसे में मोटरसाइकिल पर भी दो व्सयक्ति सवार बताए जा रहे हैं। इनमें गवरौद निवासी 55 वर्षीय भागीरथ साहू के नदी के तेज बहाव में बह जाने की जानकारी सामने आई है। टक्कर के बाद बाइक समेत नदी में गिरे भागीरथ का अब तक पता नहीं चल सका है। सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और नदी में उनकी तलाश शुरू कर दी।
रेस्क्यू टीम नदी में तलाश में जुटी
जोक नदी में पानी के तेज बहाव और गहराई के कारण लापता भागीरथ साहू की तलाश चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। रेस्क्यू टीम नदी के संभावित स्थानों पर तलाश कर रही है। हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण और राहगीर भी मौके पर जुट गए।
एडिशनल एसपी सुनील कुमार नायक ने बताया कि हादसा रविवार दोपहर करीब 3 बजे हुआ है। लापता भागीरथ साहू की तलाश में रेस्क्यू टीम जुटी हुई है। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
