स्कूटी के पैरदान में छिपाकर ले जा रहा था 6.40 किलो गांजा, चेकपोस्ट पर धराया नाबालिग

महासमुंद। पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पदमपुर रोड स्थित ग्राम पलसापाली अंतरराज्यीय चेकपोस्ट पर एक विधि से संघर्षरत बालक को 6.40 किलो गांजा के साथ पकड़ा है। पुलिस ने गांजा परिवहन में इस्तेमाल की जा रही स्कूटी और मोबाइल समेत कुल 3 लाख 90 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की है। कार्रवाई थाना बसना पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की संयुक्त टीम ने की।
पुलिस के अनुसार, पलसापाली चेकपोस्ट पर आने-जाने वाले वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा के पदमपुर की ओर से एक एक्टिवा स्कूटी क्रमांक ओडी -03-एई -8907 में दो व्यक्ति गांजा लेकर बसना की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम को अलर्ट किया गया और वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी गई।
कुछ देर बाद संदिग्ध स्कूटी चेकपोस्ट पर पहुंची, जिसे पुलिस ने रोककर वाहन सवार विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लिया। पूछताछ में उसने अपना निवास खेरमंडीगढ़, थाना घंटापाड़ा, जिला बौद्ध (ओडिशा) बताया। स्कूटी की तलाशी लेने पर पैरदान के पास रखी प्लास्टिक बोरी से 6.40 किलो गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में बालक ने पुलिस को बताया कि वह बौद्ध (ओडिशा) से गांजा खरीदकर बसना में रोशन मांझी नामक संपर्क व्यक्ति को देने जा रहा था। मामले में बालक के विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने मौके से 6.40 किलो गांजा (कीमत करीब 3 लाख रुपए), एक स्कूटी (80 हजार रुपए) और एक मोबाइल (10 हजार रुपए) जब्त किया है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 3 लाख 90 हजार रुपए बताई गई है।