रक्षाबंधन पर स्वच्छता दीदियों का सम्मान, मिठाई के साथ दिए सुरक्षा उपकरण

नपा अध्यक्ष ने कहा- शहर की स्वच्छता व्यवस्था में स्वच्छता दीदियों की भूमिका महत्वपूर्ण
महासमुंद। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर नगर पालिका परिषद की ओर से शहर की स्वच्छता व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली स्वच्छता दीदियों का सम्मान किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने स्वच्छता दीदियों को मिठाई वितरित करने के साथ कार्य के दौरान सुरक्षा के लिए आवश्यक सुरक्षा उपकरण भी प्रदान किए।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष साहू ने स्वच्छता दीदियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे नगर की स्वच्छता व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। स्वच्छता दीदियां प्रतिदिन घर-घर पहुंचकर कचरा संग्रहण करने के साथ शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में अपना योगदान दे रही हैं। उनके परिश्रम और समर्पण से नगर की स्वच्छता व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो रही है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता दीदियों का सम्मान और उनकी सुरक्षा नगर पालिका की प्राथमिकता है। कार्य के दौरान उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित रहे, इसके लिए आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। रक्षाबंधन के अवसर पर मिठाई वितरण के माध्यम से नगर पालिका परिवार ने स्वच्छता दीदियों के प्रति सम्मान और आत्मीयता व्यक्त की।
कार्यक्रम में नौशाद बक्श, जितेन्द्र मोहंती, टिकेश्वरी मिरी, हेमलता शर्मा, प्रिया दुबे सहित नगर पालिका के कर्मचारी उपस्थित रहे। उन्होंने भी स्वच्छता दीदियों को रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख, समृद्धि और स्वस्थ जीवन की कामना की।