पड़ोसी निकला नकबजनी का मास्टरमाइंड, दो साथियों संग रची थी चोरी की साजिश

सूने मकान से 78,300 रुपए नकद और मोबाइल चोरी का मामला सुलझा, तीन आरोपी गिरफ्तार
महासमुंद। सिंघोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम पैकिन में सूने मकान से 78 हजार रुपए से अधिक की नकबजनी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। वारदात में किसी बाहरी गिरोह का हाथ नहीं, बल्कि पीड़ित का पड़ोसी ही मास्टरमाइंड निकला। आरोपी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर घर की रेकी की और मौका मिलते ही नकदी व मोबाइल पार कर दिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम पैकिन निवासी मिनकेतन मिश्रा (60) ने 20 अगस्त को सिंघोड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 19 अगस्त को वह मजदूरों के साथ कृषि कार्य के लिए खेत गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके सूने मकान का ताला/दरवाजा खोलकर कमरे में रखे 78,300 रुपए नकद और करीब 2,000 रुपए कीमत का मोबाइल फोन चोरी कर लिया।
संदेह के आधार पर पड़ोसी से पूछताछ
प्रार्थी ने अपने पड़ोसी लक्ष्यपाल उर्फ विजय झाकर (22) पर संदेह जताया था। बताया गया कि वारदात से दो दिन पहले लक्ष्यपाल ने अपना मोबाइल प्रार्थी के पास बंधक रखकर उनसे 1,500 रुपए उधार लिए थे। पुलिस ने संदेह के आधार पर लक्ष्यपाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ में उसने चोरी की वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार कर ली।
दो साथियों के साथ मिलकर बनाया था प्लान
पूछताछ में सामने आया कि लक्ष्यपाल ने गांव के ही जितेन्द्र यादव (26) और दशरथ मुण्डा (45) के साथ मिलकर चोरी की साजिश रची थी। 19 अगस्त को जैसे ही मिनकेतन मिश्रा घर से खेत के लिए निकले, तीनों ने योजना के मुताबिक वारदात को अंजाम दिया।
लक्ष्यपाल मुख्य गेट से कूदकर मकान के अंदर पहुंचा और खुले कमरे से नकदी व मोबाइल लेकर बाहर निकल गया। वहीं जितेन्द्र और दशरथ सड़क पर आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखते हुए निगरानी करते रहे। वारदात के बाद तीनों बाइक से छुईपाली स्थित शराब भट्ठी पहुंचे और शराब पी। इसके बाद सागरपाली की विकास कपड़ा दुकान से चोरी के पैसों से नए कपड़े खरीदे।
चोरी की रकम बांटी, मोबाइल तालाब में फेंका
पुलिस के मुताबिक, लक्ष्यपाल ने चोरी की रकम में से 9-9 हजार रुपए अपने दोनों साथियों को बांटे। वहीं चोरी किए गए मोबाइल को साक्ष्य मिटाने की नीयत से तालाब में फेंक दिया।
35,500 रुपए नकद और कपड़े बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 35,500 रुपए नकद, चोरी की रकम से खरीदे गए 3,475 रुपए कीमत के कपड़े और उनकी रसीद, तथा मोबाइल की सिम बरामद की है। आरोपियों ने चोरी का मोबाइल तालाब में फेंकना बताया है। पुलिस ने मामले में लक्ष्यपाल उर्फ विजय झाकर, जितेन्द्र यादव और दशरथ मुण्डा को 21 अगस्त को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

इन्हें भी पढ़े