तेज रफ्तार स्कॉर्पियो खेत में पलटी, चालक की मौत, साथी घायल
महासमुंद। सारंगढ़ मार्ग पर बोड़ेसरा नाला के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई। हादसे में वाहन चालक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। मृतक की पहचान रायगढ़ जिले के मल्दा निवासी देवेंद्र साव (27) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार स्कॉर्पियो क्रमांक जेएच 02 बीवी 6028 में देवेंद्र साव अपने साथी अशोक कुमार के साथ 8 अगस्त को रायपुर से रायगढ़ की ओर जा रहा था। बोड़ेसरा नाला के पास तेज रफ्तार वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गया। दुर्घटना में देवेंद्र साव और अशोक कुमार को चोटें आईं।
दोनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरायपाली पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद देवेंद्र साव को 9 अगस्त की रात करीब 1:10 बजे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने इस मामले में धारा 281, 125(ए) एवं 106(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
