स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमामय ढंग से मनाने की तैयारियां शुरू
कलेक्टर श्री उइके ने स्वतंत्रता दिवस के आयोजन के लिए दिए दिशा-निर्देश
गरियाबंद, 07 अगस्त 2026/ कलेक्टर बीएस उइके ने स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त 2026 के अवसर पर जिले में आयोजित होने वाले समारोहों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। कहा है कि जिले के सभी शासकीय भवनों एवं ऐतिहासिक स्थलों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा तथा रात्रि में शासकीय एवं सार्वजनिक भवनों को रोशनी से सजाया जाएगा। जिला मुख्यालय में प्रातः 9ः00 बजे मुख्य समारोह आयोजित होगा, जिसमें शासन द्वारा नामित मुख्य अतिथि ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे तथा मुख्यमंत्री के जनता के नाम संदेश का वाचन करेंगे। परेड में पुलिस, एनसीसी, नगर सेना, जेल प्रहरी तथा अन्य निर्धारित दल भाग लेंगे। समारोह में स्कूली विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे।
जनपद पंचायत मुख्यालयों में जनपद अध्यक्ष तथा नगर पालिका एवं नगर पंचायत क्षेत्रों में संबंधित अध्यक्ष ध्वजारोहण करेंगे। पंचायत मुख्यालयों में सरपंच एवं बड़े ग्रामों में ग्राम प्रमुख द्वारा ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम तथा राष्ट्रीय गान जन-गण-मन का सामूहिक गायन कराया जाएगा। साथ ही उपस्थित नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व से अवगत कराते हुए देश की एकता एवं अखंडता के लिए कार्य करने का संदेश दिया जाएगा। सभी शासकीय कार्यालयों में विभागाध्यक्षों द्वारा ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। शिक्षण संस्थानों में ध्वजारोहण के साथ प्रभात फेरी, सांस्कृतिक एवं साहित्यिक कार्यक्रम, खेलकूद, वृक्षारोपण तथा पुरस्कार वितरण का आयोजन किया जाएगा।
कलेक्टर बीएस उइके ने सभी शासकीय संस्थाओं से अपने-अपने भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने एवं रात्रि में रोशनी करने की अपील की है। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा नक्सली हिंसा में शहीद हुए वीरों के परिजनों को जिला स्तरीय समारोह में सम्मानपूर्वक आमंत्रित करने के भी निर्देश दिए हैं। साथ ही स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रकाशित होने वाले विज्ञापनों में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं विशेष रूप से छत्तीसगढ़ के शहीदों को प्रमुखता देने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
