कलेक्टर ने कॉटन गद्दा निर्माण इकाई की स्थापना के लिए प्रशिक्षण कार्य का किया निरीक्षण
निर्माणाधीन मल्टीयूटिलिटी सेंटर का किया निरीक्षण
कोण्डागांव, 06 अगस्त 2026/ कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना ने बुधवार को बड़ेकनेरा रोड स्थित कॉटन गद्दा निर्माण इकाई की स्थापना के लिए वहां प्रशिक्षण गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने कोंडानार गारमेंट फैक्ट्री से प्राप्त कपड़ों के वेस्ट मटेरियल का उपयोग कर गद्दे एवं तकिए के निर्माण के लिए आवश्यक मशीनरी की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा कार्यस्थल पर सुव्यवस्थित व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि स्थानीय युवाओं एवं महिलाओं को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से चरणबद्ध तरीके से बैच बनाकर प्रशिक्षण प्रदान करें, ताकि उन्हें इस यूनिट से रोजगार प्रदाय किया जा सके। साथ ही डिमांड अनुरूप कार्ययोजना बनाकर कार्य निष्पादन हेतु निर्देशित किया गया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने एनसीसी मैदान के समीप निर्माणाधीन मल्टीयूटिलिटी सेंटर का भी अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर हाउसिंग बोर्ड के कार्यपालन अभियंता शिवम सोनी, लाइवलीहुड महाविद्यालय के प्रभारी अधिकारी पुनेश्वर वर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
