15 से 29 वर्ष के युवाओं का माई भारत पोर्टल पर होगा पंजीयन
स्वयंसेवा, कौशल विकास और नेतृत्व के अवसरों से जुड़ेंगे विद्यार्थी
गरियाबंद, 22 जुलाई 2026/ जिला शिक्षा अधिकारी ने जिले के सभी शासकीय, अशासकीय एवं अनुदान प्राप्त हाईस्कूल तथा हायर सेकेंडरी विद्यालयों के प्राचार्यों को भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत संचालित माई भारत (मेरा युवा भारत) पोर्टल पर पात्र विद्यार्थियों का पंजीयन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। जारी निर्देश के अनुसार माई भारत युवाओं को स्वयंसेवा, नेतृत्व विकास, कौशल विकास, राष्ट्र निर्माण एवं सामुदायिक सहभागिता से जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय मंच है। इस पोर्टल पर 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं का पंजीयन किया जा रहा है।
जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी विद्यालयों के प्राचार्यों से कहा है कि वे अपने संस्थान में अध्ययनरत 15 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी पात्र विद्यार्थियों का पंजीयन 15 अगस्त 2026 तक माई भारत पोर्टल पर अनिवार्य रूप से कराना सुनिश्चित करें। इससे युवा विभिन्न राष्ट्रीय कार्यक्रमों एवं स्वयंसेवी गतिविधियों से जुड़कर अपने व्यक्तित्व एवं नेतृत्व क्षमता का विकास कर सकेंगे।
