जेएनवी एवं एनएमएमएसई परीक्षा की तैयारी को लेकर गरियाबंद में कलेक्टर के निर्देश पर जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित

गरियाबंद, 22 जुलाई 2026/ जिले के अधिक से अधिक विद्यार्थियों का जवाहर नवोदय विद्यालय एवं राष्ट्रीय साधन सह योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा में चयन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज जिला स्तरीय कार्यशाला एवं रणनीतिक बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रखर चंद्राकर , जिला शिक्षा अधिकारी राजेश चंद्राकर, सहायक जिला सांख्यिकी अधिकारी श्याम कुमार चंद्राकर तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारी गजेंद्र ध्रुव के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यशाला में जिले के प्रत्येक विकासखंड से 5 जेएनवी एवं 5 एनएमएमएसई विशेषज्ञ शिक्षकों ने सहभागिता की। इन विशेषज्ञ शिक्षकों को अपने-अपने विकासखंड, क्लस्टर एवं विद्यालय स्तर पर विद्यार्थियों के लिए मार्गदर्शन, अभ्यास सत्र तथा परीक्षा तैयारी की गतिविधियों का संचालन करने की जिम्मेदारी सौंपी गई, ताकि जिले के प्रत्येक प्रतिभाशाली विद्यार्थी तक गुणवत्तापूर्ण तैयारी की सुविधा पहुँच सके।
बैठक में जेएनवी प्रवेश परीक्षा के नवीन पाठ्यक्रम का विस्तार से विश्लेषण किया गया। पर्यावरण अध्ययन, गणित, भाषा, मानसिक योग्यता एवं अन्य विषयों की तैयारी के प्रभावी तरीकों पर विस्तृत चर्चा हुई। साथ ही बदलते परीक्षा पैटर्न के अनुरूप शिक्षण पद्धति एवं अभ्यास सामग्री विकसित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम में महासमुंद जिले के वरिष्ठ शिक्षक भोजराज प्रधान ने जेएनवी एवं एनएमएमएसई परीक्षाओं की तैयारी से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने परीक्षा की रणनीति, विषयवार तैयारी, समय प्रबंधन तथा नियमित अभ्यास के महत्व पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। उल्लेखनीय है कि उनके मार्गदर्शन में अब तक लगभग 140 विद्यार्थियों का जेएनवी एवं एनएमएमएसई परीक्षाओं में चयन हो चुका है, जो उनकी प्रभावी शिक्षण पद्धति का प्रमाण है।
सहायक जिला सांख्यिकी अधिकारी श्याम कुमार चंद्राकर ने बताया कि यदि सभी शिक्षक आपसी सहयोग, समन्वय एवं साझा प्रयास की भावना से कार्य करें तो जिले के अनेक विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर के उत्कृष्ट शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराए जा सकते हैं। उन्होंने सभी विशेषज्ञ शिक्षकों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक विद्यालय तक गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन पहुँचाने का आह्वान किया।
जिला शिक्षा अधिकारी राजेश चंद्राकर ने सभी पात्र विद्यार्थियों का शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने पर बल देते हुए कहा कि परीक्षा की तैयारी केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित न रहे, बल्कि डिजिटल तकनीक, ऑनलाइन अध्ययन सामग्री, मॉक टेस्ट एवं नियमित अभ्यास का भी प्रभावी उपयोग किया जाए, जिससे विद्यार्थियों का आत्मविश्वास और सफलता दोनों बढ़े।
अपने संबोधन में जिला पंचायत सीईओ प्रखर चंद्राकर ने कहा कि जेएनवी एवं एनएमएमएसई जैसी परीक्षाएँ ग्रामीण एवं शासकीय विद्यालयों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने अधिकारियों एवं शिक्षकों से इस अभियान को मिशन मोड में संचालित करने का आह्वान करते हुए कहा कि जिले के प्रत्येक योग्य विद्यार्थी को समान अवसर उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विशेष रूप से शासकीय विद्यालयों के अधिकाधिक विद्यार्थियों के चयन का लक्ष्य निर्धारित करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों एवं शिक्षकों से समन्वित प्रयास करने का आग्रह किया।
बैठक के अंत में निर्णय लिया गया कि आगामी दिनों में विकासखंड, क्लस्टर एवं विद्यालय स्तर पर नियमित मार्गदर्शन सत्र, अभ्यास परीक्षाएँ तथा अभिभावक जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की जाएँगी, ताकि गरियाबंद जिला जेएनवी एवं एनएमएमएसई परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य में एक नई पहचान स्थापित कर सके। इस कार्यक्रम में में जिला प्रशासन और विनोबा टीम भी उपस्थित रही।

इन्हें भी पढ़े