परियना जेईई/नीट आवासीय कोचिंग सेंटर का उत्कृष्ट प्रदर्शन
’नीट 2026 में 11 विद्यार्थियों ने की सफलता हासिल, एक छात्रा का शासकीय मेडिकल कॉलेज में चयन’
नारायणपुर, 21 जुलाई 2026// जिला प्रशासन नारायणपुर द्वारा संचालित परियना जेईई/नीट आवासीय कोचिंग सेंटर, गरांजी ने एक बार फिर उत्कृष्ट परिणाम देकर जिले का गौरव बढ़ाया है। शैक्षणिक सत्र 2025-26 में विज्ञान संकाय के कुल 102 छात्र-छात्राओं ने नीट-2026 परीक्षा में भाग लिया, जिनमें से 11 विद्यार्थियों ने परीक्षा सफलतापूर्वक क्वालीफाई की है।
इन सफल विद्यार्थियों में से एक छात्रा भावनी मांझी का शासकीय मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस पाठ्यक्रम हेतु चयन हो चुका है, जबकि एक छात्रा श्वेता ठाकुर ने भी शासकीय मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस पाठ्यक्रम हेतु चयन होने की प्रबल संभावना है। इनके अलावा 9 छात्र अनिल दुग्गा, बच्चु पोडियामी, विशाल कुमेटी, मीनाक्षी कुलदीप, समीर उसेंडी, अनीता, मुश्कान पटेल, देविका बघेल और याचना पटेल ने भी नीट परीक्षा क्वालीफाइड किया है। यह उपलब्धि जिले के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की मेहनत, समर्पण तथा जिला प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही गुणवत्तापूर्ण कोचिंग एवं शैक्षणिक मार्गदर्शन का सकारात्मक परिणाम है।
इस उल्लेखनीय सफलता पर कलेक्टर नम्रता जैन, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत आकांक्षा शिक्षा खलखो, परियना जेईई/नीट कोचिंग के नोडल अधिकारी अभयजीत सिंह मण्डावी तथा जिला शिक्षा अधिकारी महेन्द्र नाथ पाण्डेय ने चयनित एवं सफल छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं।
