बस्तर मुन्ने और नियद नेल्लानार योजना के कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराना सुनिश्चित करें : कलेक्टर

संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने स्वास्थ्य अधिकारियांे को दिये निर्देश
राशन दुकान सामुदायिक भवन और खेल मैदान के कार्यों को पूर्ण करने के निर्देश
नारायणपुर, 21 जुलाई 2026// जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर नम्रता जैन की अध्यक्षता में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं एवं विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में विशेष रूप से पीएम जनमन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आंगनवाड़ी भवन की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए की स्वीकृत आवासों का निर्माण निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराया जाए। उन्होंने निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
बैठक में मायका सेंटर की गतिविधियों एवं स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने जिले में संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन एवं स्वास्थ्य विभाग का मैदानी अमला गर्भवती महिलाओं से नियमित संपर्क बनाए रखे तथा उन्हें संस्थागत प्रसव के लाभों के प्रति जागरूक करे। उन्होंने जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि जिले के आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं के रिक्त पदों को शीघ्र भर्ती करंे। कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को जिले के बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच एवं आयुष्मान कार्ड शतप्रतिशत बनाने के निर्देश दिये। साथ ही जिले में मोतियाबिंद से प्रभावित मरीजों का शत-प्रतिशत ऑपरेशन कराने के भी निर्देश दिए।
जिले में संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के लिए स्वास्थ्य अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों से कहा गया है कि प्रत्येक गर्भवती महिला का समय पर पंजीयन सुनिश्चित करें तथा नियमित स्वास्थ्य जांच, प्रसव पूर्व सेवाएं और सुरक्षित संस्थागत प्रसव के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराएं। ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरूकता बढ़ाने और गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य संस्थानों तक पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए। बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान राशन दुकान, सामुदायिक भवन और खेल मैदान के निर्माण कार्यों की प्रगति पर भी चर्चा की गई। संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी स्वीकृत कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करें।
बैठक में सुशासन एक्सप्रेस की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि यह अभियान दूरस्थ एवं संवेदनशील क्षेत्रों में शासन की सेवाएं घर-घर पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने निर्देश दिए कि शिविरों के दौरान प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण किया जाए तथा विभिन्न विभाग समन्वय के साथ कार्य करते हुए ग्रामीणों को अधिकतम सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराएं।
इसके अलावा कलेक्टर ने महतारी वंदन योजना और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के सभी हितग्राहियों का शत-प्रतिशत ई-केवाईसी शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। बैठक में किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि से सभी पात्र कृषकों को लाभांवित करने, खरीफ सीजन के लिए समय पर खाद एवं बीज उपलब्ध कराने, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के निर्धारित लक्ष्य को समय-सीमा में पूर्ण करने, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, सामाजिक सहायता पेंशन, एग्री-स्टैक पंजीयन सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई।
जिले में संचालित बस्तर मुन्ने एवं नियद नेल्लानार योजना के अंतर्गत चल रहे सभी विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों से कहा गया है कि योजनाओं के तहत स्वीकृत कार्यों की नियमित समीक्षा करें तथा गुणवत्ता के साथ शीघ्र क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। साथ ही, जिन कार्यों में प्रगति धीमी है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा कर आम नागरिकों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए।
निर्देशों में यह भी कहा गया है कि संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और किसी भी प्रकार की प्रशासनिक या तकनीकी बाधा का त्वरित निराकरण करें। कलेक्टर ने जिले के नियद नेल्लानार क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और ग्रामीण विकास को गति देने के उद्देश्य से इन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर देने निर्देशित किया। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि अतिथि शिक्षक और शिक्षा दूतों की नियुक्ति संबंधित पंचायतों के शिक्षित बेरोजगारों को करने निर्देशित किया। नियद नेल्लानार क्षेत्र के जिन गांवों में अब तक विद्युत नहीं पहुंचा है उनका सर्वे कर शीघ्र विद्युत लाईन स्थापित करने निर्देशित किये।
बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी आकांक्षा शिक्षा खलखो, अपर कलेक्टर बीरेन्द्र बहादुर पंचभाई, एसडीएम अभयजीत मण्डावी, डॉ. सुमित गर्ग, आदिवासी विकास विभाग के प्रभारी सहायक आयुक्त सुनिल कुमार सोनपिपरे, तहलसीलदार सौरभ चौरसिया, जिला शिक्षा अधिकारी महेन्द्रनाथ पाण्डे, विजय साहू, महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यक्रम अधिकारी लुपेंद्र महिनाग तथा विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

इन्हें भी पढ़े