रथयात्रा देखने गए पिता-पुत्र से मारपीट, रुपए नहीं देने पर पत्थर से किया हमला

दो आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज
महासमुंद। बसना थाना क्षेत्र के ग्राम तोषगांव में रथयात्रा देखने पहुंचे पिता-पुत्र के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि रुपए की मांग पूरी नहीं होने पर दो युवकों ने पत्थर से हमला कर पुत्र को घायल कर दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम बिछिया निवासी सोनूराम महिलाने 16 जुलाई को अपने पुत्र छबिलाल महिलाने के साथ ससुराल ग्राम तोषगांव रथयात्रा देखने गया था। शाम करीब सात बजे गांव के साहिल बरिहा और अमन प्रधान ने उनसे रुपए की मांग की। रुपए देने से इनकार करने पर आरोपियों ने छबिलाल के सिर पर पत्थर से वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया।
बताया गया कि जब सोनूराम अपने पुत्र को बचाने पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। घटना की रिपोर्ट पर बसना पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 115(2), 296, 3(5) एवं 351(3) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।