बैगलेस डे पर विद्यालयों में चला स्वच्छता अभियान

सूरजपुर/18 जून 2026/ जिला कलेक्टर श्रीमती रेना जमील के निर्देशन, जिला मिशन समन्वयक मनोज साहू तथा विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी अवधेश साहू के आदेशानुसार शनिवार को बैगलेस डे के अवसर पर विकासखण्ड रामानुजनगर के विभिन्न विद्यालयों में “स्वच्छ शौचालयदृस्वस्थ बचपन” थीम पर विशेष स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इसी क्रम में शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला पतरापाली में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं पालकों की सहभागिता से व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर की साफ-सफाई के साथ-साथ शौचालयों की विशेष सफाई, विद्यालय भवन की छत पर जमा कचरे का निष्पादन, विद्यालय भवन एवं परिसर के आसपास उगी झाड़ियों की सफाई, मध्यान्ह भोजन कक्ष (किचन शेड) की सफाई तथा हैंडपंप के आसपास की स्वच्छता सुनिश्चित की गई।
विद्यार्थियों ने श्रमदान कर स्वच्छ वातावरण बनाने का संदेश दिया और स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय दिया। श्रमदान पश्चात शिक्षक योगेश साहू के द्वारा सभी छात्रो को बिस्किट का वितरण किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानपाठक के. के. यादव ने कहा कि “स्वच्छ विद्यालय ही स्वस्थ एवं संस्कारित विद्यार्थियों की पहचान है। स्वच्छता केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि इसे प्रत्येक छात्र-छात्रा की दैनिक आदत बनाना आवश्यक है।
जब विद्यालय स्वच्छ रहेगा तभी बच्चों का स्वास्थ्य बेहतर रहेगा और अध्ययन का वातावरण भी सकारात्मक बनेगा।” कार्यक्रम प्रभारी योगेश कुमार साहू ने कहा कि “स्वच्छता एक सामाजिक जिम्मेदारी है। विद्यालय से ही बच्चों में स्वच्छता के संस्कार विकसित होते हैं। यदि प्रत्येक विद्यार्थी अपने घर और आसपास भी स्वच्छता का संकल्प ले, तो पूरा समाज स्वच्छ एवं स्वस्थ बन सकता है। बैगलेस डे जैसी गतिविधियाँ बच्चों में श्रम, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करती हैं।”
इस कार्यक्रम में प्रधानपाठक के. के. यादव, श्रीमती अनीता सिंह, कार्यक्रम प्रभारी योगेश कुमार साहू, रघुनाथ जायसवाल, श्रीमती अंजली कंवर, पालकगण, भृत्य सरिता सिंह, स्वीपर तथा विद्यालय के छात्र-छात्राएँ सक्रिय रूप से उपस्थित रहे। सभी ने विद्यालय को स्वच्छ बनाए रखने एवं नियमित रूप से श्रमदान करने का संकल्प लिया।