प्लांटेशन ड्राइव के तहत बड़े कनेरा में आयल पाम पौधरोपण का शुभारंभ

कोण्डागांव, 15 जुलाई 2026/ केन्द्र प्रायोजित योजना राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन (एनएमईओ-ऑयल पाम) के अंतर्गत प्रदेशभर में संचालित “प्लांटेशन ड्राइव कार्यक्रम” के तहत उद्यानिकी विभाग द्वारा विकासखंड कोण्डागांव के ग्राम बड़े कनेरा में आयल पाम पौधरोपण अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर कृषक धनेश्वर मंडावी की एक एकड़ भूमि में 50 आयल पाम पौधों का रोपण किया गया। यह विशेष अभियान 15 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जाएगा।
उद्यानिकी विभाग को वित्तीय वर्ष 2026-27 में जिले में 250 हेक्टेयर क्षेत्र में आयल पाम रोपण का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। इसके अंतर्गत किसानों को आयल पाम पौधे, फेंसिंग, ड्रिप सिंचाई सहित विभिन्न घटकों पर शासन द्वारा निर्धारित अनुदान का लाभ प्रदान करते हुए पौधरोपण कराया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान उद्यान अधीक्षक लोकेश्वर प्रसाद ध्रुव ने किसानों को आयल पाम की वैज्ञानिक एवं उन्नत खेती, प्रति एकड़ संभावित आय, विपणन व्यवस्था तथा उद्यानिकी विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने किसानों से इस लाभकारी फसल को अपनाकर अपनी आय में वृद्धि करने का आह्वान किया। इस अवसर पर जनपद पंचायत उपाध्यक्ष टोमेन्द्र सिंह ठाकुर, ग्राम सरपंच प्रकाश चुरगुनिया, उपसरपंच आनंद पवार, पंचगण, विभागीय अधिकारी हिमाचल नेताम, श्रीमती इंद्राणी पेगड़ तथा बड़ी संख्या में कृषक उपस्थित रहे। सभी ने सामूहिक रूप से आयल पाम पौधों का रोपण कर अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।

इन्हें भी पढ़े