पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा (JNVST) 2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन

बेमेतरा जिले के पात्र विद्यार्थी 31 जुलाई 2026 तक निःशुल्क करें आवेदन, 28 नवंबर को होगी प्रवेश परीक्षा
बेमेतरा 14 जुलाई 2026/- जिले के समस्त अभिभावकों एवं विद्यार्थियों को सूचित किया जाता है कि नवोदय विद्यालय समिति, शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा पीएम जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा (JNVST) 2027 के माध्यम से शैक्षणिक सत्र 2027-28 में कक्षा 6वीं में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक एवं पात्र विद्यार्थी 31 जुलाई 2026 तक निःशुल्क ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। जवाहर नवोदय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा प्रदान की जाती है। ऐसे में जिले के पात्र विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन कर इस अवसर का लाभ उठाएं।
पात्रता की शर्तें
अभ्यर्थी बेमेतरा जिले का वास्तविक निवासी होना चाहिए।
अभ्यर्थी वर्तमान शैक्षणिक सत्र 2026-27 में जिले के किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय में कक्षा 5वीं में अध्ययनरत हो।
अभ्यर्थी की जन्मतिथि 01 मई 2015 से 31 जुलाई 2017 (दोनों तिथियाँ सम्मिलित) के बीच होना अनिवार्य है।
महत्वपूर्ण तिथियां
ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि : 31 जुलाई 2026
जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा (JNVST) 2027: 28 नवंबर 2026
ऑनलाइन आवेदन कैसे करें
इच्छुक एवं पात्र विद्यार्थी अथवा उनके अभिभावक नवोदय विद्यालय समिति की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर निःशुल्क ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन हेतु वेबसाइट : https://cbseitms.rcil.gov.in/nvs/Index/Registration
जिला प्रशासन ने जिले के सभी अभिभावकों, विद्यार्थियों, विद्यालयों के प्राचार्यों एवं शिक्षकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक पात्र विद्यार्थियों को इस चयन परीक्षा के लिए आवेदन करने हेतु प्रेरित करें, ताकि जिले के प्रतिभाशाली विद्यार्थी जवाहर नवोदय विद्यालय में अध्ययन का अवसर प्राप्त कर सकें।