विकासखंड ओड़गी में 16 से 18 जुलाई तक चलेगा तीन दिवसीय आयुष्मान
महाअभियान छूटे हुए लगभग 7000 पात्र हितग्राहियों के बनाए जाएंगे आयुष्मान कार्ड
सूरजपुर/12 जुलाई 2026/ कलेक्टर श्रीमती रेना जमील निर्देश के अनुपालन में विकासखंड ओड़गी में तीन दिवसीय आयुष्मान महाअभियान का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान 16 जुलाई से 18 जुलाई तक संचालित होगा, जिसका मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के छूटे हुए पात्र हितग्राहियों तक स्वास्थ्य सुरक्षा योजना का लाभ पहुँचाना है।
अभियान के अंतर्गत विकासखंड ओड़गी के लगभग 7000 छूटे हुए हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड तथा 70 वर्ष से अधिक आयु के लगभग 550 वरिष्ठ नागरिकों के वय वंदना कार्ड बनाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है । इन कार्डों का निर्माण डोर टू डोर सर्वेक्षण एवं विभिन्न स्थानों पर आयोजित शिविरों के माध्यम से किया जाएगा, ताकि कोई भी पात्र हितग्राही योजना के लाभ से वंचित न रह सके।
महाअभियान को सफल बनाने हेतु खंड शिक्षा अधिकारी एवं परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास तथा मितानिन कार्यक्रम के समन्वय से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है और लोगों से अधिकाधिक कार्ड बनवाने की अपील की गई है। कार्ड निर्माण की जिम्मेदारी च्वाइस सेंटर संचालकों एवं स्वास्थ्य विभाग के सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ), आरएचओ, एएनएम, आयुष्मान ऑपरेटर तथा जूनियर सेक्रेटेरियल असिस्टेंट को सौंपी गई है।
जिला प्रशासन द्वारा क्षेत्र के समस्त पात्र नागरिकों से अपील की गई है कि वे इस तीन दिवसीय आयुष्मान महाअभियान का लाभ उठाते हुए अपना आयुष्मान कार्ड एवं वय वंदना कार्ड अवश्य बनवाएं तथा अभियान को सफल बनाने में अपना सहयोग प्रदान करें।
