बालोद जिले में निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों के वितरण और ऑनलाइन स्कैनिंग का कार्य निरंतर जारी

जिले में अब तक 85.52 प्रतिशत से अधिक पाठ्यपुस्तकों की स्कैनिंग पूर्ण
अतिरिक्त पुस्तकों का अन्य विद्यालयों में किया जा रहा है सुव्यवस्थित समायोजन
बालोद, 07 जुलाई 2026/बालोद जिले के अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्कूली बच्चों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तक वितरण एवं उनकी ऑनलाइन प्रविष्टि का कार्य पूरी तेजी से किया जा रहा है। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि जिले में 12 मई 2026 से डिपो के माध्यम से शासकीय स्कूलों और संकुलों को पाठ्यपुस्तकों का वितरण निरंतर किया जा रहा है। डिपो से पुस्तकें प्राप्त होने के पश्चात् संबंधित स्कूलों द्वारा मोबाइल ऐप के माध्यम से पुस्तकों की ऑनलाइन स्कैनिंग की जा रही है। उन्होंने बताया कि 06 जुलाई 2026 की स्थिति में डिपो द्वारा कुल 4,89,464 पाठ्यपुस्तकें प्राप्त हुई हैं। इनमें से अब तक 4,18,599 पाठ्यपुस्तकों की मोबाइल ऐप के माध्यम से सफलतापूर्वक स्कैनिंग की जा चुकी है, जो कि कुल प्राप्त पुस्तकों का 85.52 प्रतिशत है। उन्होंने बताया कि कुछ विद्यालयों में छात्र संख्या से अधिक पुस्तकें हैं। शासन के निर्देशानुसार ऐसी पुस्तकों की स्कैनिंग न कर उन्हें अन्य विद्यालयों में जहाँ पुस्तकों की कमी है, में समायोजित किया जा रहा है। जिससे वास्तविक पुस्तक संख्या से स्कैन्ड पुस्तकों की संख्या स्वाभाविक रूप से कम प्रदर्शित हो रही। उन्होंने बताया कि डिपो द्वारा प्राप्त पुस्तकों की स्कैनिंग एवं स्कैनिंग पश्चात् बच्चों को वितरण की कार्यवाही तीव्रता से की जा रही है। अधिकतर बच्चों को पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध करा दी गई है। जल्द ही सभी विद्यालयों में पाठ्यपुस्तकों का समुचित वितरण एवं स्कैनिंग का कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा।

इन्हें भी पढ़े